June 8, 2026

12 साल का रिपोर्ट कार्ड लेकर जनता के बीच जाएगी भाजपा

केंद्र में सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी प्रदेशभर में जनसंपर्क अभियान चलाकर जनता के बीच सरकार की उपलब्धियों को पहुंचाएगी। भाजपा की प्रदेश महामंत्री दीप्ती रावत भारद्वाज ने बताया कि यह देश की पहली ऐसी सरकार है जो हर वर्ष अपने कार्यों और उपलब्धियों का लेखा-जोखा जनता के समक्ष प्रस्तुत करती है।

उन्होंने बताया कि 12 जून से 20 जून तक पूरे प्रदेश में व्यापक जनसंपर्क अभियान संचालित किया जाएगा। अभियान के तहत 12 से 16 जून तक दो दिवसीय प्रवास कार्यक्रम आयोजित होंगे, जिनमें प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में विकास यात्राएं निकाली जाएंगी। इन यात्राओं के माध्यम से केंद्र सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों की जानकारी आम जनता तक पहुंचाई जाएगी।

प्रदेश महामंत्री ने बताया कि अभियान के दौरान जैविक खेती को बढ़ावा देने के लिए कार्यशालाओं का आयोजन किया जाएगा। इसके साथ ही प्रबुद्धजनों से संपर्क अभियान चलाया जाएगा तथा बूथ एवं शक्ति केंद्र स्तर पर बैठकों का आयोजन कर संगठन को और मजबूत बनाने पर जोर दिया जाएगा।

उन्होंने कहा कि 12 और 13 जून को प्रदेश के सभी जिलों में प्रभारी मंत्री जनसभाओं और विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से केंद्र सरकार के 12 वर्षों की उपलब्धियों को जनता के सामने रखेंगे।

भाजपा द्वारा आगामी कार्यक्रमों की भी रूपरेखा तय की गई है। 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाया जाएगा, जबकि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के बलिदान दिवस पर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके अलावा आपातकाल की वर्षगांठ पर लोकतंत्र की रक्षा के संदेश के साथ काला दिवस भी मनाया जाएगा।

भाजपा का कहना है कि इन कार्यक्रमों के माध्यम से केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास कार्यों और उपलब्धियों को घर-घर तक पहुंचाने के साथ संगठन को और अधिक मजबूत किया जाएगा।

दीप्ती रावत भारद्वाज, प्रदेश महामंत्री, भाजपा

 

Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright2017©Spot Witness Times. Designed by MTC, 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.