June 10, 2026

निकायों की समस्याओं के समाधान को सरकार प्रतिबद्ध: राम सिंह केड़ा

शहरी विकास मंत्री राम सिंह केड़ा ने मंगलवार को राजपुर रोड स्थित वन मुख्यालय में प्रदेश के सभी नगर निगम, नगर पालिका और नगर पंचायतों की विकास योजनाओं की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने कहा कि राज्य सरकार निकायों की समस्याओं के समाधान के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की बाधा नहीं आने दी जाएगी।

समीक्षा बैठक में मंत्री ने प्रदेश में स्वच्छता व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए उठाए गए कदमों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि निकायों को 500 नए कूड़ा संग्रहण वाहन उपलब्ध कराए गए हैं, जबकि 63 सफाई निरीक्षकों को नियुक्ति पत्र भी सौंपे गए हैं। उन्होंने कहा कि इन व्यवस्थाओं से शहरी क्षेत्रों में सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।

बैठक के दौरान मंत्री ने सभी निकायों को अपने राजस्व स्रोतों को बढ़ाने के लिए प्रभावी प्रयास करने के निर्देश दिए। साथ ही ठोस अपशिष्ट प्रबंधन को बेहतर बनाने के उद्देश्य से डंपिंग जोन विकसित करने, आवारा पशुओं के संरक्षण के लिए शेल्टर होम स्थापित करने तथा सड़क, पेयजल, विद्युत और गैस पाइपलाइन जैसी आधारभूत सुविधाओं से जुड़े कार्यों को निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा करने पर जोर दिया।

उन्होंने कहा कि शहरी क्षेत्रों के समग्र विकास के लिए योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन आवश्यक है और इसके लिए जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों के बीच बेहतर समन्वय होना चाहिए।

बैठक में प्रदेश के विभिन्न निकायों के जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने भी भाग लिया तथा विकास योजनाओं की प्रगति, चुनौतियों और आगामी कार्ययोजनाओं पर विस्तार से चर्चा की। मंत्री ने अधिकारियों को जनहित से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता देने और योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता तथा गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

राम सिंह कैड़ा, शहरी विकास मंत्री उत्तराखंड

सौरभ थपलियाल, मेयर नगर निगम देहरादून

 

Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright2017©Spot Witness Times. Designed by MTC, 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.