Recent Posts

September 21, 2026

चारधाम यात्रा में स्वास्थ्य विभाग अलर्ट, यात्रियों की हो रही लगातार हेल्थ स्क्रीनिंग

चारधाम यात्रा में आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा और स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह अलर्ट मोड पर कार्य कर रहा है। यात्रा शुरू होने के बाद से ही हरिद्वार, ऋषिकेश तथा यात्रा मार्ग के विभिन्न पड़ावों पर तीर्थयात्रियों की नियमित स्वास्थ्य जांच की जा रही है, ताकि किसी भी स्वास्थ्य संबंधी जोखिम को समय रहते पहचाना जा सके।

स्वास्थ्य विभाग द्वारा यात्रा मार्ग पर विशेष स्क्रीनिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत विभिन्न राज्यों से आने वाले श्रद्धालुओं के स्वास्थ्य की जांच कर उन्हें आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श भी दिया जा रहा है। उच्च हिमालयी क्षेत्रों में यात्रा के दौरान होने वाली स्वास्थ्य समस्याओं को देखते हुए विभाग विशेष सतर्कता बरत रहा है।

स्वास्थ्य महानिदेशक डॉ. सुनीता टम्टा ने बताया कि चारधाम यात्रा के दौरान यात्रियों के स्वास्थ्य को लेकर विभाग की टीमें लगातार कार्य कर रही हैं। उन्होंने कहा कि सड़क, रेल और हवाई मार्ग सहित किसी भी माध्यम से यात्रा के लिए आने वाले श्रद्धालुओं की स्वास्थ्य स्क्रीनिंग निरंतर की जा रही है।

उन्होंने बताया कि यात्रा मार्ग पर चिकित्सा टीमों, स्वास्थ्य केंद्रों और मेडिकल रिलीफ पोस्टों को सक्रिय रखा गया है। जरूरत पड़ने पर यात्रियों को तत्काल उपचार और आवश्यक चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। इसके साथ ही श्रद्धालुओं को यात्रा से पहले स्वास्थ्य परीक्षण कराने तथा अपनी शारीरिक क्षमता के अनुरूप ही यात्रा करने की सलाह भी दी जा रही है।

स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और यात्रा को सुरक्षित एवं सुगम बनाने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। विभाग लगातार स्वास्थ्य निगरानी, जागरूकता और चिकित्सकीय सेवाओं के माध्यम से चारधाम यात्रा को सुरक्षित बनाने के प्रयासों में जुटा हुआ है।

डॉ सुनीता टम्टा, डी जी स्वास्थ्य, उत्तराखंड।

Share

You may have missed

Copyright2017©Spot Witness Times. Designed by MTC, 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.