आगामी चुनावों को लेकर महिला मोर्चा सक्रिय, सितंबर तक चलेंगे विशेष सम्मेलन
भाजपा प्रदेश मुख्यालय में भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा की परिचयात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में संगठन विस्तार, महिला सशक्तिकरण और आगामी चुनावों की तैयारियों को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक की जानकारी देते हुए भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्षा रुचि भट्ट ने बताया कि संगठन के निर्देशानुसार प्रदेश के प्रत्येक जिले और मंडल स्तर पर परिचयात्मक एवं संगठनात्मक बैठकें आयोजित की जाएंगी। उन्होंने कहा कि महिला मोर्चा को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने के लिए व्यापक कार्ययोजना तैयार की गई है।
रुचि भट्ट ने बताया कि 15 अगस्त तक प्रदेश के प्रत्येक शक्ति केंद्र पर एक महिला संयोजक का चयन किया जाएगा। इसके बाद मंडल स्तर पर महिला संयोजकों का सम्मेलन आयोजित कर संगठन को और अधिक सक्रिय एवं सशक्त बनाया जाएगा।
उन्होंने कहा कि जुलाई माह में प्रदेश की प्रत्येक विधानसभा में स्वयं सहायता समूह (एसएचजी), आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और आशा बहनों के साथ सम्मेलन आयोजित किए जाएंगे। इन सम्मेलनों में महिलाओं के योगदान को सम्मानित करते हुए उन्हें विभिन्न क्षेत्रों में उनके उत्कृष्ट कार्यों के लिए सम्मान प्रदान किया जाएगा।
प्रदेश अध्यक्षा ने बताया कि अगस्त माह में निर्वाचित महिला जनप्रतिनिधियों के साथ समन्वय बैठकें आयोजित की जाएंगी, जबकि सितंबर माह में प्रबुद्ध महिलाओं एवं संगठन की पूर्व पदाधिकारी बहनों के साथ सम्मेलन आयोजित किए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि महिला मोर्चा द्वारा आयोजित किए जाने वाले ये सभी कार्यक्रम संगठन को मजबूत बनाने और आगामी चुनावों की तैयारियों के तहत किए जा रहे हैं। महिला कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी से पार्टी को जमीनी स्तर पर और अधिक मजबूती मिलेगी।
भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्षा रुचि भट्ट
