June 17, 2026

उत्तराखंड में SIR अभियान तेज, 23 लाख मतदाताओं के फॉर्म हुए संकलित

उत्तराखंड में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान के तहत घर-घर जाकर गणना फॉर्म वितरण और संकलन का कार्य तेजी से जारी है। निर्वाचन विभाग के अनुसार अब तक प्रदेश के लगभग 30 प्रतिशत मतदाताओं के फॉर्म संकलित किए जा चुके हैं और अगले एक सप्ताह के भीतर शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल कर लिया जाएगा।

अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी विजय कुमार जोगदंडे ने बताया कि विशेष गहन पुनरीक्षण प्रक्रिया 29 मई से शुरू हुई थी। अभियान के सफल संचालन के लिए तीन चरणों में बूथ लेवल अधिकारियों (BLO) को प्रशिक्षण दिया गया। इसके बाद 8 जून से 7 जुलाई तक घर-घर जाकर गणना फॉर्म वितरित करने और उन्हें एकत्रित करने का कार्य किया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि अब तक लगभग 23 लाख मतदाताओं के गणना फॉर्म संकलित किए जा चुके हैं, जो कुल मतदाताओं का करीब 30 प्रतिशत है। विभाग को उम्मीद है कि अगले 6 से 7 दिनों में सभी मतदाताओं तक पहुंचकर फॉर्म संकलन की प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी।

जोगदंडे ने कहा कि 7 जुलाई तक सभी संकलित फॉर्म को बीएओ (BAO) ऐप के माध्यम से डिजिटाइज कर ऑनलाइन अपलोड किया जाएगा। इस पूरी प्रक्रिया को पारदर्शी और प्रभावी बनाने के लिए प्रदेशभर में 11,733 बूथ लेवल अधिकारियों की तैनाती की गई है। प्रत्येक BLO के साथ एक स्वयंसेवक भी लगाया गया है, जबकि 10 से 12 बूथों की निगरानी के लिए एक सेक्टर अधिकारी नियुक्त किया गया है।

उन्होंने बताया कि BLO घर-घर जाकर मतदाताओं की जानकारी प्राप्त करते हैं और उसी आधार पर गणना फॉर्म भरते हैं। फॉर्म की एक प्रति रिकॉर्ड और सत्यापन के लिए संबंधित मतदाता को भी उपलब्ध कराई जाती है।

निर्वाचन विभाग ने सभी मतदाताओं से अभियान में सहयोग करने और सही जानकारी उपलब्ध कराने की अपील की है, ताकि मतदाता सूची को अद्यतन और त्रुटिरहित बनाया जा सके।

अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी विजय कुमार जोगदंडे 

 

Share
Copyright2017©Spot Witness Times. Designed by MTC, 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.