कैबिनेट बैठक में पूर्व मुख्यमंत्री खंडूड़ी और निशानेबाज जसपाल राणा को दी गई श्रद्धांजलि
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में गुरुवार को सचिवालय में आयोजित मंत्रिमंडल की बैठक में उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री मेजर जनरल भुवन चंद्र खंडूड़ी तथा प्रसिद्ध निशानेबाज एवं पद्मश्री सम्मानित जसपाल राणा के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया गया।
बैठक के प्रारंभ में मंत्रिमंडल के सदस्यों एवं वरिष्ठ अधिकारियों ने दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए दो मिनट का मौन रखा तथा उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि मेजर जनरल भुवन चंद्र खंडूड़ी ने अपने सार्वजनिक जीवन में प्रदेश के विकास, सुशासन और जनसेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान दिया। उन्होंने उत्तराखंड के विकास और प्रशासनिक सुधारों के लिए महत्वपूर्ण कार्य किए, जिन्हें लंबे समय तक याद रखा जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मेजर जनरल खंडूड़ी का जीवन अनुशासन, ईमानदारी और जनसेवा का प्रेरणादायी उदाहरण रहा है। उनके योगदान को प्रदेश सदैव स्मरण रखेगा।
वहीं प्रसिद्ध निशानेबाज और पद्मश्री सम्मानित जसपाल राणा को श्रद्धांजलि देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्होंने अपनी असाधारण खेल प्रतिभा और उपलब्धियों से देश एवं उत्तराखंड का नाम राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित किया। खेल जगत में उनका योगदान नई पीढ़ी के खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बना रहेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि दोनों महान विभूतियों का निधन प्रदेश और देश के लिए अपूरणीय क्षति है। मंत्रिमंडल ने शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना की।
कैबिनेट बैठक का वातावरण शोकपूर्ण रहा और सभी उपस्थित सदस्यों ने दोनों दिवंगत हस्तियों के योगदान को याद करते हुए उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए।
