June 22, 2026

मानसून को लेकर अलर्ट मोड पर देहरादून अग्निशमन विभाग, जलभराव से निपटने की पूरी तैयारी

Fire Department

मानसून के दौरान संभावित जलभराव और आपात स्थितियों से निपटने के लिए देहरादून का अग्निशमन विभाग पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। विभाग ने दावा किया है कि किसी भी आपदा या जलभराव की स्थिति में त्वरित सहायता उपलब्ध कराने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

मुख्य अग्निशमन अधिकारी अभिनव त्यागी ने बताया कि जलभराव की स्थिति में अग्निशमन विभाग के पोर्टेबल पंप बेहद कारगर साबित होते हैं। इन पंपों की मदद से प्रभावित क्षेत्रों से पानी की निकासी कर लोगों को राहत पहुंचाई जाती है।

उन्होंने कहा कि अग्निशमन विभाग आपात परिस्थितियों में ‘फर्स्ट रेस्पोंडर’ की भूमिका निभाता है और विभाग का रिस्पॉन्स टाइम काफी कम है। ऐसे में सूचना मिलते ही दमकल कर्मी कम समय में मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर देते हैं।

अभिनव त्यागी ने स्पष्ट किया कि शहर में जलभराव की मुख्य समस्या से निपटने की जिम्मेदारी नगर निगम और अन्य संबंधित विभागों की होती है, जिनके पास बड़े आकार के पंप और संसाधन उपलब्ध रहते हैं। हालांकि अग्निशमन विभाग भी अपनी क्षमता के अनुसार इन विभागों की सहायता के लिए हमेशा तैयार रहता है।

उन्होंने बताया कि जब भी किसी क्षेत्र में जलभराव की सूचना प्राप्त होती है, दमकल विभाग की टीम पोर्टेबल पंपों के साथ मौके पर पहुंचती है और पानी निकासी के साथ-साथ राहत कार्य शुरू करती है। यदि किसी स्थान पर लोग फंस जाते हैं तो उन्हें सुरक्षित बाहर निकालने के लिए भी विशेष प्रयास किए जाते हैं।

मुख्य अग्निशमन अधिकारी ने नागरिकों से अपील की कि भारी बारिश के दौरान सतर्क रहें और किसी भी आपात स्थिति में तत्काल अग्निशमन विभाग या संबंधित आपदा नियंत्रण केंद्र को सूचना दें, ताकि समय रहते सहायता पहुंचाई जा सके। मानसून सीजन को देखते हुए विभाग ने अपने संसाधनों और कर्मियों को पूरी तरह तैयार रखा है।

अभिनव त्यागी, CFO देहरादून

Share
Copyright2017©Spot Witness Times. Designed by MTC, 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.