June 24, 2026

सहसपुर में ₹13.62 करोड की लागत से निर्मित ‘सेंटर ऑफ एक्सीलेंस’ सहित तीन प्रमुख भवनों का मंत्री सौरभ बहुगुणा ने किया उ‌द्घाटन,

Uttrakhand 23 Jun 2026,

उत्तराखंड के कौशल विकास एवं सेवायोजन मंत्री सौरभ बहुगुणा द्वारा आज सहसपुर में युवाओं के कौशल विकास और बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के उद्देश्य से नवनिर्मित तीन भव्य भवनों का लोकार्पण किया गया। इसके तहत सहसपुर परिसर में अत्याधुनिक सेंटर ऑफ एक्सीलेंस भवन, छात्रावास और एक बहुउद्देशीय हॉल का उद्घाटन कर उन्हें छात्रों व जनता को समर्पित किया गया। लगभग ₹971 लाख की लागत से निर्मित सेंटर ऑफ एक्सीलेंस भवन, आधुनिक तकनीकी उपकरणों, स्मार्ट क्लासरूम और एडवांस लैब्स से सुसज्जित है। यहाँ युवाओं को विभिन्न सेक्टर्स में उच्च स्तरीय प्रैक्टिकल ट्रेनिंग दी जाएगी।

कौशल विकास एवं सेवायोजन विभाग द्वारा आयोजित कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में क्षेत्रीय विधायक सहदेव सिंह पुंडीर जी उपस्थित रहे। उनके साथ कौशल विकास एवं सेवायोजन सचिव सी. रविशंकर और निदेशक कौशल विकास संजय कुमार भी विशेष रूप से मौजूद रहे।

लोकार्पण के पश्चात जनसभा को संबोधित करते हुए मंत्री सौरभ बहुगुणा ने कहा कि, “सहसपुर में स्थापित यह ‘सेंटर ऑफ एक्सीलेंस’ हमारे युवाओं की प्रतिभा को निखारने का मुख्य केंद्र बनेगा। आधुनिक तकनीकों और उद्योगों की वर्तमान मांग के अनुरूप यहाँ युवाओं को निशुल्क विश्वस्तरीय प्रशिक्षण दिया जाएगा। परिसर में निशुल्क छात्रावास और बहुउद्देशीय हॉल की सुविधा मिलने से अब दूर-दराज के छात्रों को भी यहाँ रहकर कौशल सीखने में आसानी होगी।”

स्किल हब सहसपुर में स्थापित सी.ओ.ई. में शेनाॅडर इलेक्ट्रिक इंडिया प्राइवेट लिमिटेड, के सहयोग से इलेक्ट्रिकल टेक्नोलॉजी के अन्तर्गत इंडस्ट्रियल ऑटोमेशन टेक्नीशियन (आईएटी), बिल्डिंग ऑटोमेशन टेक्नीशियन (बीएटी), सोलर पीवी-टेक्निशियन एवं इलेक्ट्रिकल ऑपरेशन एंड मेंटिनेस, की तकनीकियों का प्रशिक्षण दिया जाएगा। फिलिप्स इंडिया प्राइवेट लिमिटेड के सहयोग प्रेसीजन मैन्युफैक्चरिंग के अन्तर्गत सीएससी मिलिंग स्पेशलिस्ट व सीएनजी टर्निंग स्पेशलिस्ट एवं इंडस्ट्रियल मशीन इंस्टॉलेशन और मेंटेनेंस तथा फैस्टो इंडिया प्राइवेट लिमिटेड के सहयोग से मेकट्रोनिक्स (इंडस्ट्रियल ऑटोमेशन, रोबोटिक एंड आईआईओटी) तथा न्यूमेटिक एंड हाइड्रॉलिक्स के उच्च तकनीक आधारित कोर्सेस संचालित किये जा रहे है। उक्त सी.ओ.इ. में वर्तमान तक 130 प्रशिक्षणार्थियों को प्रशिक्षित करते हुए 106 प्रशिक्षणार्थियों को रोजगार उपलब्ध कराया गया। जिनमें से शेनाॅडर इलेक्ट्रिक के सहयोग से टेक्नोलॉजी के 14 प्रशिक्षणार्थियों को मंत्री श्री बहुगुणा द्वारा आज नियुक्ति पत्र वितरित किये गये।

इसके साथ स्किल हब सहसपुर में ही रोजगार प्रकोष्ठ के माध्यम से राज्य सरकार द्वारा विभिन्न विदेशी भाषाओं में प्रशिक्षण प्रदान करते हुए 95 युवाओं को जापान एवं सउदी अरब में रोजगार उपलब्ध कराये गये हैं। साथ ही उक्त कार्यक्रम में मंत्री श्री बहुगुणा द्वारा जर्मनी में नर्सिंग क्षेत्र में सेवायोजन हेतु कु० सपना राणा को नियुक्ति पत्र (3.36 लाख / प्रतिमाह के वेतनमान) वितरित किया गया।

कार्यक्रम के दौरान विशिष्ट अतिथि विधायक सहदेव सिंह पुंडीर ने क्षेत्र को इतनी बडी सौगात मिलने पर मंत्री सौरभ बहुगुणा का आभार व्यक्त किया और कहा कि इससे स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए द्वार खुलेंगे।

 

Share
Copyright2017©Spot Witness Times. Designed by MTC, 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.