डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के विचार आज भी भाजपा की प्रेरणा: मुख्यमंत्री धामी
भारतीय जनता पार्टी महानगर देहरादून की ओर से सेवा पखवाड़े के अंतर्गत भारतीय जनसंघ के संस्थापक अध्यक्ष डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की जयंती पर सर्वे चौक स्थित आईआरडीटी ऑडिटोरियम में श्रद्धांजलि एवं विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, भाजपा संसदीय बोर्ड की सदस्य डॉ. सुधा यादव, कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, मंत्री खजान दास, विधायक सविता कपूर, विधायक उमेश शर्मा काऊ, महापौर सौरभ थपलियाल तथा भाजपा महानगर अध्यक्ष सिद्धार्थ उमेश अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों ने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर किया। महानगर अध्यक्ष सिद्धार्थ उमेश अग्रवाल ने सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि डॉ. मुखर्जी का जीवन और उनके विचार भाजपा कार्यकर्ताओं के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेंगे।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि उन्होंने राष्ट्र की एकता और अखंडता के लिए अपना सर्वस्व समर्पित किया। उन्होंने कहा कि डॉ. मुखर्जी का “एक देश, एक विधान” का विचार आज भी भाजपा की वैचारिक प्रेरणा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा अनुच्छेद 370 हटाने का निर्णय डॉ. मुखर्जी के संकल्प को साकार करने वाला ऐतिहासिक कदम है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि डॉ. मुखर्जी ने शिक्षा, राष्ट्र निर्माण और जनसेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान दिया। उन्होंने नई शिक्षा नीति 2020 का उल्लेख करते हुए कहा कि मातृभाषा आधारित शिक्षा की अवधारणा भी डॉ. मुखर्जी की दूरदर्शी सोच से प्रेरित रही है।
भाजपा संसदीय बोर्ड की सदस्य डॉ. सुधा यादव ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी स्वतंत्र भारत के पहले उद्योग एवं आपूर्ति मंत्री रहे और उन्होंने देश की औद्योगिक नीति की मजबूत नींव रखी। उन्होंने कहा कि डॉ. मुखर्जी ने सिद्धांतों से समझौता करने के बजाय राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए मंत्री पद से इस्तीफा दिया।
प्रदेश महामंत्री दीप्ति रावत ने कहा कि डॉ. मुखर्जी सांस्कृतिक राष्ट्रवाद, राष्ट्रीय एकीकरण और अखंड भारत की भावना के प्रमुख वाहक थे। उनके विचारों ने भारतीय जनसंघ और बाद में भारतीय जनता पार्टी की वैचारिक दिशा तय करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
कैबिनेट मंत्री खजान दास ने अपने संबोधन में कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी का जीवन जनसेवा, ईमानदारी और राष्ट्र के प्रति समर्पण का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता उनके आदर्शों से प्रेरणा लेकर राष्ट्रहित को सर्वोपरि मानते हुए कार्य करने का संकल्प लेता है।
कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के व्यक्तित्व, कृतित्व और राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान को याद करते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
