July 3, 2026

खालागांव में आपदा प्रभावित क्षेत्र का निरीक्षण, मंत्री गणेश जोशी ने अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश

Inspection

प्रदेश के कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने शुक्रवार को देहरादून के खालागांव पहुंचकर भारी बारिश से क्षतिग्रस्त गांव को जोड़ने वाले मार्ग का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों से नुकसान की जानकारी ली और पुनर्निर्माण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान मंत्री गणेश जोशी ने जिलाधिकारी देहरादून आशीष चौहान को क्षतिग्रस्त सड़क और सुरक्षा दीवार के पुनर्निर्माण का शीघ्र इस्टीमेट तैयार कर तत्काल निर्माण कार्य शुरू कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बरसात के मौसम को देखते हुए प्रभावित मार्ग को जल्द से जल्द सुचारु करना बेहद आवश्यक है, ताकि ग्रामीणों को आवागमन में किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

कैबिनेट मंत्री ने सिंचाई विभाग के अधिकारियों को पुश्ता निर्माण कार्य की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। साथ ही खालागांव के नाले में चेक डैम निर्माण का प्रस्ताव तैयार करने और उसका इस्टीमेट शीघ्र प्रस्तुत करने को कहा।

गणेश जोशी ने कहा कि चेक डैम बनने से भविष्य में बरसाती पानी के तेज बहाव से होने वाले नुकसान को काफी हद तक कम किया जा सकेगा। इससे ग्रामीणों की सुरक्षा भी सुनिश्चित होगी और क्षेत्र में आपदा के जोखिम को कम करने में मदद मिलेगी।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी निर्माण कार्य गुणवत्ता के साथ तय समय सीमा में पूरे किए जाएं, ताकि बरसात के दौरान स्थानीय लोगों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

गणेश जोशी, कैबिनेट मंत्री, उत्तराखंड

Share
Copyright2017©Spot Witness Times. Designed by MTC, 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.