मुख्यमंत्री धामी के कार्यकाल के पांच वर्ष पूरे, भाजपा ने गिनाईं उपलब्धियां, कांग्रेस ने साधा निशाना
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने 4 जुलाई 2026 को अपने कार्यकाल के लगातार पांच वर्ष पूरे कर लिए हैं। इस उपलब्धि के साथ वह राज्य में भारतीय जनता पार्टी के सबसे लंबे समय तक लगातार मुख्यमंत्री रहने वाले नेता बन गए हैं। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने समान नागरिक संहिता (यूसीसी), नकल विरोधी कानून, अवैध अतिक्रमण के खिलाफ अभियान और विभिन्न प्रशासनिक सुधारों जैसे कई महत्वपूर्ण फैसले लिए।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पहली बार 4 जुलाई 2021 को मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी। इसके बाद 23 मार्च 2022 को विधानसभा चुनाव के बाद उन्होंने दूसरी बार मुख्यमंत्री पद संभाला। 4 जुलाई 2026 तक उनका लगातार पांच वर्ष (1,826 दिन) का कार्यकाल पूरा हो गया है, जो उत्तराखंड में भाजपा के किसी भी मुख्यमंत्री का सबसे लंबा निरंतर कार्यकाल है।
मुख्यमंत्री के पांच वर्ष पूरे होने के अवसर पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि राज्य सरकार लगातार जनहित में कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री धामी ने राजनीतिक अस्थिरता के दौर में भी सफलतापूर्वक पांच वर्ष का कार्यकाल पूरा किया और सरकार विकास एवं जनसेवा के संकल्प के साथ आगे बढ़ रही है। उन्होंने बताया कि सरकार के ‘जन-जन सरकार’ अभियान का पहला चरण पूरा हो चुका है और दूसरे चरण की शुरुआत भी हो गई है।
महेंद्र भट्ट प्रदेश अध्यक्ष भाजपा।
वहीं, मुख्यमंत्री के पांच वर्ष पूरे होने के अवसर पर राज्य सरकार 4 जुलाई से ‘सेवा, सुशासन एवं समर्पण’ थीम के तहत पूरे प्रदेश में सेवा सप्ताह का आयोजन करेगी। सप्ताहभर चलने वाले इस अभियान में सरकार अपनी पांच वर्षों की उपलब्धियों, विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी जनता तक पहुंचाएगी। साथ ही विभिन्न सरकारी योजनाओं से पात्र लाभार्थियों को जोड़ने के लिए जिला स्तर पर विशेष कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।
दूसरी ओर, कांग्रेस ने सरकार के पांच वर्ष पूरे होने पर निशाना साधा है। कांग्रेस प्रदेश प्रवक्ता प्रतिमा सिंह ने कहा कि भाजपा सरकार के पास पिछले पांच वर्षों की ऐसी कोई उल्लेखनीय उपलब्धि नहीं है जिसे जनता के सामने बड़ी उपलब्धि के रूप में प्रस्तुत किया जा सके। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में बेरोजगारी, महंगाई और गरीबी बढ़ी है तथा कानून-व्यवस्था और प्रशासनिक व्यवस्था भी कई मोर्चों पर विफल रही है।
प्रतिमा सिंह प्रदेश प्रवक्ता कांग्रेस
मुख्यमंत्री के पांच वर्ष पूरे होने के अवसर पर भाजपा जहां सरकार की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने की तैयारी में है, वहीं कांग्रेस सरकार के कामकाज को लेकर सवाल उठा रही है। ऐसे में आने वाले दिनों में यह मुद्दा प्रदेश की राजनीति में चर्चा का केंद्र बना रह सकता है।
