October 5, 2026

हरिद्वार में खाद्य सुरक्षा विभाग सख्त, 19 होटल-रेस्टोरेंट संचालकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज

Inspection

चारधाम यात्रा और आगामी कांवड़ यात्रा को देखते हुए हरिद्वार में खाद्य सुरक्षा विभाग ने मिलावटखोरों और नियमों का उल्लंघन करने वाले कारोबारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। विभाग ने हाल ही में की गई व्यापक सैंपलिंग और निरीक्षण अभियान के बाद 19 रेस्टोरेंट, होटल और ढाबा संचालकों के खिलाफ एडीएम कोर्ट में वाद दायर किए हैं।

खाद्य सुरक्षा विभाग के अनुसार, जिले के विभिन्न क्षेत्रों से लिए गए कई खाद्य पदार्थों के नमूने लैब जांच में मानकों पर खरे नहीं उतरे। इसके अलावा कई प्रतिष्ठानों में साफ-सफाई की स्थिति भी बेहद खराब पाई गई। इन मामलों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित कारोबारियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की गई है।

विभाग ने बताया कि जिलेभर में चलाए गए विशेष अभियान के दौरान होटल, रेस्टोरेंट, ढाबों और मिठाई की दुकानों का निरीक्षण किया गया। इस दौरान कई व्यापारियों को नोटिस जारी किए गए, जबकि संदिग्ध और खराब खाद्य पदार्थों को मौके पर ही नष्ट कराया गया।

विभाग की ओर से कुल 19 मामलों में एडीएम कोर्ट में वाद दायर किए गए हैं। इनमें 11 मामले किचन और प्रतिष्ठानों में गंदगी तथा खाद्य स्वच्छता मानकों के उल्लंघन से जुड़े हैं, जबकि 8 मामले खराब गुणवत्ता वाले दूध, घी, पनीर, मिठाई और अन्य खाद्य पदार्थ बेचने से संबंधित हैं।

खाद्य सुरक्षा विभाग ने स्पष्ट किया कि यात्रा सीजन के दौरान श्रद्धालुओं के स्वास्थ्य से किसी भी प्रकार का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। विभाग का निरीक्षण अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

एमएन जोशी, जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी

Share

You may have missed

Copyright2017©Spot Witness Times. Designed by MTC, 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.