सरकारी जमीन पर बनी अवैध मजार पर चला बुलडोजर, प्रशासन ने हटाया अतिक्रमण
उत्तराखंड के उधम सिंह नगर जिले में प्रशासन ने सरकारी भूमि पर बने अवैध अतिक्रमण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक मजार को ध्वस्त कर दिया। भारी पुलिस बल की मौजूदगी में तड़के सुबह बुलडोजर चलाकर कार्रवाई को शांतिपूर्ण ढंग से अंजाम दिया गया।
मामला जसपुर विधानसभा क्षेत्र के गांव अहमदनगर का है, जहां करीब छह बीघा सरकारी बंजर भूमि पर अवैध रूप से मजार का निर्माण किया गया था। प्रशासन के अनुसार, यह भूमि राजस्व अभिलेखों में सरकारी बंजर श्रेणी में दर्ज है।
उपजिलाधिकारी राहुल शाह ने बताया कि अतिक्रमणकारियों को मई माह में पहली बार नोटिस जारी कर स्वामित्व संबंधी दस्तावेज प्रस्तुत करने के लिए कहा गया था। निर्धारित समय सीमा के भीतर कोई वैध साक्ष्य प्रस्तुत नहीं किए जाने पर दोबारा नोटिस जारी किया गया, लेकिन तब भी संबंधित पक्ष भूमि पर अपना अधिकार साबित नहीं कर सका।
उन्होंने बताया कि इसके बाद 8 जून 2026 को बेदखली का आदेश जारी किया गया था और अतिक्रमण स्वयं हटाने के लिए 15 दिन का समय दिया गया था। निर्धारित अवधि बीत जाने के बावजूद अतिक्रमण नहीं हटाए जाने पर प्रशासन ने सोमवार तड़के भारी पुलिस बल की मौजूदगी में बुलडोजर चलाकर मजार को हटाते हुए सरकारी भूमि को अतिक्रमण मुक्त करा दिया।
प्रशासन का कहना है कि सरकारी भूमि पर अवैध कब्जों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और नियमों के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।
राहुल शाह (उप जिलाधिकारी- जसपुर)
