देहरादून: ड्राइवर,बस कंडक्टर का होगा हेल्थ चेकअप।
देहरादून आरटीओ प्रशासन ने हाल ही में हुई एक सड़क दुर्घटना के बाद यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए कड़ा रुख अपनाया है। आरटीओ (प्रशासन) संदीप सैनी ने बताया कि शहर के विभिन्न मार्गों पर संचालित लगभग 170 सिटी बसों की अनिवार्य रूप से फिटनेस जांच की जाएगी।
सैनी ने जानकारी दी कि फिटनेस जांच के साथ ही इन बसों में कार्यरत सभी चालकों और परिचालकों का अनिवार्य रूप से हेल्थ चेकअप भी कराया जाएगा।
आरटीओ प्रशासन इस कार्य के लिए स्वास्थ्य विभाग के साथ समन्वय कर रहा है।
रेंजेस ग्राउंड में डॉक्टरों की टीम तैनात की जाएगी। इस मेडिकल जांच में हृदय रोग, रक्तचाप (बीपी) और आंखों की जांच जैसी मूलभूत स्वास्थ्य सेवाएं शामिल होंगी।
इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी कर्मचारी ऐसी किसी बीमारी से ग्रस्त न हो, जिसके कारण सड़क दुर्घटना का जोखिम बढ़ सकता है।
आरटीओ ने स्पष्ट किया कि नया लाइसेंस बनवाने या लाइसेंस का नवीनीकरण करवाते समय मेडिकल जांच एक अनिवार्य प्रक्रिया है। हालांकि, मौजूदा दुर्घटनाओं को देखते हुए एहतियात के तौर पर यह विशेष जांच अभियान चलाया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि पूर्व में भी लगभग 450 परिचालकों की मेडिकल जांच कराई गई थी। इसके अतिरिक्त, शराब पीकर वाहन (ड्रिंक एंड ड्राइव) चलाते हुए पकड़े गए चालकों के लाइसेंस को 6 महीने के लिए निलंबित करने के साथ ही उनके खिलाफ कोर्ट के माध्यम से दंडात्मक कार्रवाई भी की जा रही है।
संदीप सैनी आरटीओ देहरादून।
