केदारनाथ-बद्रीनाथ परियोजनाओं की मुख्य सचिव ने की समीक्षा, कार्यों में तेजी लाने के निर्देश
त्तराखंड के मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने सचिवालय में केदारनाथ पुनर्निर्माण एवं पुनर्विकास परियोजना और बद्रीनाथ मास्टर प्लान के तहत चल रहे कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। बैठक में उन्होंने दोनों धामों में निर्माण कार्यों की भौतिक एवं वित्तीय प्रगति की जानकारी लेते हुए सभी परियोजनाओं को निर्धारित समयसीमा में पूरा करने के निर्देश दिए।
मुख्य सचिव ने केदारनाथ धाम पुनर्निर्माण से जुड़े कार्यों की विस्तार से समीक्षा करते हुए कहा कि जिन छह ब्लॉकों का निर्माण कार्य शुरू किया जाना है, उन्हें तत्काल प्रारंभ कराया जाए। उन्होंने सभी परियोजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि कार्य तय समय पर पूरे हो सकें।
बैठक के दौरान मुख्य सचिव ने रुद्रप्रयाग के जिलाधिकारी को केदारनाथ यात्रा क्षेत्र के लिए एक व्यापक एवं एकीकृत कूड़ा प्रबंधन योजना तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यात्रा के दौरान कचरे के संग्रहण और निस्तारण की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। साथ ही उन्होंने भरोसा दिलाया कि योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए आवश्यक वित्तीय, तकनीकी और अन्य सहयोग उपलब्ध कराया जाएगा।
मुख्य सचिव ने बद्रीनाथ मास्टर प्लान के फेज-1 और फेज-2 के कार्यों की भी विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने निर्माण कार्यों की गति बढ़ाने के निर्देश देते हुए कहा कि परियोजना में शामिल सभी प्रकार के कंटेंट और आर्ट वर्क का कार्य भी समानांतर रूप से शुरू कराया जाए, ताकि परियोजना समय पर पूरी हो सके।
बैठक में मुख्य सचिव ने संबंधित जिलाधिकारियों को निर्देश दिए कि केदारनाथ और बद्रीनाथ धाम में विकसित किए जा रहे सभी परिसंपत्तियों और सुविधाओं के संचालन एवं रखरखाव (ऑपरेशन एंड मेंटेनेंस) के लिए पहले से ही एक स्पष्ट फ्रेमवर्क तैयार किया जाए। उन्होंने कहा कि यदि संचालन करने वाली संस्थाओं का पूर्व निर्धारण रहेगा, तो परियोजनाओं के हस्तांतरण के बाद उनके रखरखाव और प्रबंधन में किसी प्रकार की परेशानी नहीं आएगी।
मुख्य सचिव ने अधिकारियों से सभी कार्यों की नियमित निगरानी करते हुए गुणवत्ता और समयबद्धता सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया, ताकि दोनों धामों में श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।