July 7, 2026

उत्तराखंड में मानसून रहेगा सक्रिय, कई जिलों में भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी

Monsoon

उत्तराखंड में मानसून पूरी तरह सक्रिय बना हुआ है। प्रदेशभर में लगातार बारिश का दौर जारी है और बीते सप्ताह कई क्षेत्रों में भारी वर्षा के साथ तेज बौछारें दर्ज की गईं। इसी बीच मौसम विभाग ने आने वाले दिनों के लिए भी बारिश का पूर्वानुमान जारी करते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।

मौसम विज्ञान केंद्र, देहरादून के निदेशक डॉ. सीएस तोमर ने बताया कि आज प्रदेश के कई जनपदों में भारी बारिश होने की संभावना है। कुछ स्थानों पर वर्षा के तीव्र से अति तीव्र दौर भी देखने को मिल सकते हैं। इसे देखते हुए मौसम विभाग ने उत्तराखंड के विभिन्न जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है।

मौसम विभाग के अनुसार, आगामी सप्ताह भर प्रदेश में मौसम का मिजाज इसी तरह बना रहने की संभावना है। कई जिलों में रुक-रुक कर मध्यम से भारी बारिश हो सकती है, जबकि कुछ इलाकों में तेज वर्षा के दौर भी देखने को मिल सकते हैं।

लगातार हो रही बारिश को देखते हुए विभाग ने लोगों से नदी-नालों के किनारे जाने से बचने, भूस्खलन संभावित क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने और अनावश्यक यात्रा से परहेज करने की अपील की है। प्रशासन को भी संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी बनाए रखने और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक तैयारियां रखने के निर्देश दिए गए हैं।

मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि मानसून की सक्रियता फिलहाल बनी रहेगी, इसलिए प्रदेशवासियों को मौसम विभाग द्वारा जारी पूर्वानुमानों और एडवाइजरी का पालन करना चाहिए।

डॉ सीएस तोमर, निदेशक मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून

Share
Copyright2017©Spot Witness Times. Designed by MTC, 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.