पेट्रोल पंप कर्मचारी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य
जनपद टिहरी गढ़वाल के देवप्रयाग विधानसभा क्षेत्र स्थित कीर्तिनगर कोतवाली क्षेत्र के बागवान में एक पेट्रोल पंप पर कार्यरत युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने की कार्रवाई की और मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं, फॉरेंसिक टीम ने भी मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए।
पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान सुनील भट्ट (38) पुत्र मणिराम भट्ट, निवासी ग्राम बागवान, कीर्तिनगर, टिहरी गढ़वाल के रूप में हुई है। वह बागवान स्थित एक पेट्रोल पंप पर कार्यरत था।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि देर रात की घटना के दौरान सुनील भट्ट पेट्रोल पंप के सीसीटीवी कैमरों में पहले पंप से बाहर जाता हुआ दिखाई दिया। कुछ देर बाद वह दोबारा पेट्रोल पंप पर लौटा, लेकिन लौटने के कुछ ही समय बाद उसे अचानक खून की उल्टियां होने लगीं। उसकी हालत तेजी से बिगड़ गई और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही कीर्तिनगर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ ही फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया, जिसने मौके से आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए।
कीर्तिनगर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक संजय मिश्रा ने बताया कि युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका स्पष्ट कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच पूरी होने के बाद ही सामने आएगा। फिलहाल पुलिस दुर्घटना, बीमारी अथवा अन्य संभावित कारणों सहित सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
भारत बिष्ट पेट्रोल पंप मैनेजर
श्यामलाल आर्य स्थानीय निवासी
