मंदिर को दान में प्राप्त सभी 2,926 कीमती चीजें ‘सुरक्षित’ हैं और उनका रिकॉर्ड रखा गया है: राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष स्वामी गोविंद देव गिरि,
Uttar Pradesh, 07 July 2026,
श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष स्वामी गोविंद देव गिरि ने मंगलवार को राम मंदिर ट्रस्ट पर चंदा और चढ़ावा चोरी के आरोपों-प्रत्यारोपों के बीच दावा किया कि, मंदिर को दान में प्राप्त सभी 2,926 कीमती चीजें ‘सुरक्षित’ हैं और उनका रिकॉर्ड रखा गया है। ट्रस्ट के पास भक्तों की ओर से दान की गईं करीब 32 किलोग्राम से अधिक सोने जैसी चीजें और करीब 1,518 किलोग्राम से अधिक चांदी जैसी वस्तुएं मौजूद हैं। दान में मिली सभी चीजों का रिकॉर्ड रखा गया है और एक स्वतंत्र चार्टर्ड अकाउंटेंट फर्म से हर साल उनका भौतिक सत्यापन कराया जाता है।
कोषाध्यक्ष स्वामी गोविंद देव गिरि ने मंगलवार को दान के बारे में मीडिया को बताया कि,ट्रस्ट को दान में प्राप्त कीमती चीजों में सोना, चांदी और हीरे जड़ित गहने, धार्मिक चीजें, मुकुट, हार, चरण पादुका, चांदी की ईंटें और राम मंदिर के प्राण प्रतिष्ठा समारोह के बाद से भक्तों द्वारा दी गई अन्य चीजें शामिल हैं। दान की गई हर चीज का पूरा हिसाब-किताब रखा गया है और उसमें दान करने वाले का विवरण, दान की तारीख और अन्य जरूरी जानकारियां दर्ज हैं।

कोषाध्यक्ष गिरि ने अनीता भारद्वाज नामक श्रद्धालु द्वारा दान की गई चांदी की काकभुशुंडी की मूर्ति का भी जिक्र किया। और कहा कि दान की गई जिन चीजों को लेकर तरह-तरह की अफवाहें फैलायी जा रही थीं वे मंदिर में सुरक्षित हैं। उन्होंने कहा कि, ट्रस्ट को 31 मार्च 2024 तक 16.765 किलोग्राम सोने जैसी चीजें दान में मिली हैं। उन्होंने बताया कि साल 2024-25 के दौरान 10.445 किलोग्राम और 2025-26 के दौरान 5.050 किलोग्राम सोने जैसी चीजें मिलीं, जिससे 31 मार्च 2026 तक सोने जैसी चीजों की कुल मात्रा 32.259 किलोग्राम हो गई।
कोषाध्यक्ष गिरि ने कहा कि ट्रस्ट के पास मौजूद चांदी में वे चीजें शामिल हैं जिन्हें उनके मूल रूप में रखा गया है और साथ ही 849.272 किलोग्राम रिफाइंड चांदी भी शामिल हैं। जो दान की गई चांदी की चीजों को सरकारी देखरेख में पिघलाने और अधिक शुद्ध करने के बाद मिली है।
ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष ने संस्था को मिले अन्य सामान का ब्यौरा देते हुए बताया कि 31 मार्च, 2026 तक ट्रस्ट के पास 1518.925 किलोग्राम चांदी और चांदी जैसी चीजें (जिसमें 849.272 किलोग्राम शुद्ध चांदी शामिल थी) और 32.259 किलोग्राम सोने जैसी चीजें थीं। उन्होंने बताया कि रिफाइनिंग के लिए भेजी गई चांदी की चीजों को भारत सरकार की टकसाल में प्रसंस्कृत किया गया और उनकी तस्वीरें, वजन का रिकॉर्ड और शुद्धता के प्रमाणपत्र रखे गए। उन्होंने कहा कि साथ ही दान देने वाले हर व्यक्ति को रसीद दी गई।
कोषाध्यक्ष गिरि ने कहा कि अगर किसी व्यक्ति अथवा संस्था के पास अनियमितता का कोई प्रमाण है तो उसे बिना जांचे-परखे आरोप लगाने के बजाय मामले की जांच कर रहे विशेष अन्वेषण दल (एसआईटी) को सौंपना चाहिए। उन्होंने विश्वास दिलाया कि, ट्रस्ट चढ़ावे में कथित गड़बड़ियों की एसआईटी जांच में सहयोग करेगा और दोषी पाए जाने वाले किसी भी व्यक्ति के खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई करेगा।
