मानसून में जलभराव से राहत के लिए नगर निगम का अभियान तेज
मानसून के दौरान जलभराव की समस्या से लोगों को राहत दिलाने के लिए नगर निगम ने शहर में जलनिकासी व्यवस्था को दुरुस्त करने का अभियान तेज कर दिया है। नालियों की सफाई, नई नालियों के निर्माण और नदी-नालों की नियमित सफाई का कार्य युद्धस्तर पर कराया जा रहा है, ताकि बारिश के दौरान जलभराव की स्थिति को रोका जा सके।
मेयर सौरभ थपलियाल ने बताया कि नगर निगम की ओर से शहर के विभिन्न क्षेत्रों में जलनिकासी व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए व्यापक अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत नालियों की सफाई के साथ-साथ जहां आवश्यकता है वहां नई नालियों का निर्माण भी कराया जा रहा है। इसके अलावा नदी-नालों की मशीनों के माध्यम से नियमित सफाई कराई जा रही है, जिससे पानी का बहाव बाधित न हो।
मेयर ने कहा कि जलभराव की समस्या से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए जनसहयोग भी बेहद आवश्यक है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे नदी-नालों और नालियों में कचरा न डालें, क्योंकि इससे जलनिकासी बाधित होती है और बारिश के दौरान जलभराव की स्थिति उत्पन्न होती है।
उन्होंने बताया कि नगर निगम की ओर से सार्वजनिक स्थानों और जल स्रोतों में कचरा फेंकने वालों के खिलाफ कार्रवाई भी की जा रही है। नियमों का उल्लंघन करने वालों पर जुर्माना लगाने सहित अन्य कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
नगर निगम का कहना है कि मानसून के पूरे सीजन के दौरान जलभराव की समस्या पर लगातार निगरानी रखी जाएगी और आवश्यकता पड़ने पर अतिरिक्त संसाधन भी लगाए जाएंगे, ताकि शहरवासियों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
सौरभ थपलियाल, मेयर देहरादून
