July 9, 2026

खटीमा फायरिंग कांड में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, तीन आरोपी गिरफ्तार

Crime

खटीमा के बरी अंजनिया गांव में भूमि विवाद के दौरान हुई कथित फायरिंग मामले में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर घटना में इस्तेमाल किया गया 315 बोर का तमंचा, दो जिंदा कारतूस और स्कॉर्पियो कार बरामद की है। मामले में अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। वहीं 5 जुलाई को बरी अंजनिया निवासी चन्द्र बदन जोशी ने कोतवाली खटीमा में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि स्कॉर्पियो में सवार कुछ लोगों ने उनके साथ गाली-गलौज की और एक आरोपी ने तमंचे से फायर कर जान से मारने की कोशिश की। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।
घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर कई पुलिस टीमों का गठन किया गया। पुलिस ने करीब 200 से 300 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और मुखबिर की सूचना पर बिस्टी रोड स्थित देवहा पुल के पास से तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सर्वजीत सिंह निवासी नानकमत्ता, हरप्रीत सिंह उर्फ हैप्पी कहलो निवासी बिलासपुर रामपुर और सिमरन सिंह निवासी पहाड़पुर, बिलासपुर के रूप में हुई है। आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त 315 बोर का तमंचा, दो जिंदा कारतूस और स्कॉर्पियो कार बरामद की गई है। पुलिस का कहना है कि मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश जारी है और गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जा रहा है।

 पुलिस क्षेत्राधिकारी कोतवाली खटीमा।

Share
Copyright2017©Spot Witness Times. Designed by MTC, 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.