July 10, 2026

उत्तराखंड दौरे पर एआईसीसी महासचिव के.सी. वेणुगोपाल, बोले- एकजुट होकर लड़ेगी कांग्रेस, जनता के मुद्दों पर बनाएंगे माहौल

Meeting

खिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) के राष्ट्रीय महासचिव के.सी. वेणुगोपाल दो दिवसीय दौरे पर उत्तराखंड पहुंचे। दौरे के दौरान उन्होंने पार्टी पदाधिकारियों और नेताओं के साथ कई अहम बैठकें कीं तथा चुनावी रणनीति को लेकर मंथन किया। बैठकों के बाद आयोजित पत्रकार वार्ता में उन्होंने आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस की रणनीति साझा की।

के.सी. वेणुगोपाल ने कहा कि उनका उत्तराखंड दौरा पूरी तरह चुनावी तैयारियों को लेकर है। उन्होंने बताया कि इस दौरान पार्टी की पॉलिटिकल अफेयर्स कमेटी की बैठक आयोजित की गई, साथ ही विधायकों और पूर्व विधायकों से भी विस्तृत चर्चा की गई। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के सभी नेता एकजुट होकर आगामी चुनाव लड़ेंगे और जीत दर्ज करेंगे। इसके लिए प्रदेश में सरकार बदलने का माहौल तैयार किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में बेरोजगारी, पलायन और पेपर लीक जैसे मुद्दे गंभीर हैं और कांग्रेस इन्हीं जनसरोकारों को लेकर जनता के बीच जाएगी। उन्होंने यह भी घोषणा की कि कांग्रेस उत्तराखंड के लिए एक व्यापक और जनहित आधारित घोषणापत्र भी तैयार करेगी।

वहीं कांग्रेस की प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा ने पार्टी में किसी भी तरह की गुटबाजी से इनकार करते हुए कहा कि कांग्रेस पूरी तरह एकजुट है और संगठन को मजबूत करने के लिए लगातार काम किया जा रहा है।

शैलजा ने अयोध्या चंदा चोरी और बद्रीनाथ धाम में हुई कथित चोरी के मामलों का उल्लेख करते हुए इनकी सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में निष्पक्ष जांच कराने की मांग की। उन्होंने अंकिता भंडारी हत्याकांड का मुद्दा भी उठाते हुए कहा कि प्रदेश की जनता इन मामलों में न्याय चाहती है और कांग्रेस इन मुद्दों को मजबूती से उठाती रहेगी।

उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में कांग्रेस के शीर्ष राष्ट्रीय नेता भी उत्तराखंड का दौरा करेंगे। पार्टी संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत किया जाएगा और आगामी विधानसभा चुनाव में कांग्रेस प्रदेश की राजनीति में मजबूत वापसी करेगी।

के. सी. वेणुगोपाल, राष्ट्रीय महासचिव कांग्रेस

 कुमारी शैलजा, प्रदेश प्रभारी कांग्रेस

Share
Copyright2017©Spot Witness Times. Designed by MTC, 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.