July 11, 2026

ऋषिकेश हाईवे पर पेड़ों की कटाई के मुद्दे पर भाजपा का जवाब, कहा— विकास और पर्यावरण साथ-साथ

tree felling

ऋषिकेश हाईवे निर्माण के दौरान पेड़ों की कटाई को लेकर उठ रहे सवालों के बीच भारतीय जनता पार्टी ने सरकार का पक्ष सामने रखा है। भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर चौहान ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार विकास कार्यों के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण के लिए भी समान रूप से प्रतिबद्ध हैं और दोनों के बीच संतुलन बनाकर कार्य किया जा रहा है।

मनवीर चौहान ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी स्वयं पर्यावरण संरक्षण को लेकर लगातार देश और दुनिया को संदेश दे रहे हैं। ऐसे में सरकार की नीति स्पष्ट है कि विकास परियोजनाओं को आगे बढ़ाते हुए पर्यावरणीय संतुलन का भी पूरा ध्यान रखा जाए। उन्होंने कहा कि सड़क, रेल और अन्य आधारभूत ढांचे का विकास प्रदेश की जरूरत है और इन परियोजनाओं को रोका नहीं जा सकता, लेकिन इसके साथ पर्यावरण संरक्षण भी सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।

उन्होंने बताया कि ऋषिकेश हाईवे परियोजना के तहत जिन पेड़ों की कटाई की जा रही है, उनकी भरपाई के लिए राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) और राज्य सरकार बड़े स्तर पर वृक्षारोपण अभियान चला रही है। इसके अलावा कई बड़े पेड़ों को वैज्ञानिक तरीके से दूसरी जगह स्थानांतरित कर पुनः रोपित करने का प्रयास भी किया जा रहा है, ताकि पर्यावरणीय नुकसान को न्यूनतम रखा जा सके।

भाजपा प्रदेश मीडिया प्रभारी ने कहा कि राज्य में हरेला जैसे जनभागीदारी आधारित अभियानों के माध्यम से भी व्यापक स्तर पर पौधारोपण किया जा रहा है। उनका कहना है कि सरकार का लक्ष्य केवल विकास कार्यों को गति देना नहीं, बल्कि हरित उत्तराखंड की परिकल्पना को भी साकार करना है। उन्होंने विश्वास जताया कि विकास और पर्यावरण संरक्षण के बीच संतुलन बनाते हुए राज्य की आधारभूत संरचना को मजबूत किया जाएगा।

मनवीर चौहान, प्रदेश मीडिया प्रभारी, भाजपा
Share
Copyright2017©Spot Witness Times. Designed by MTC, 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.