July 11, 2026

खटीमा रेंज में फिर सामने आया पेड़ कटान का मामला, वन विभाग की कार्रवाई पर उठे सवाल

tree felling

ऊधम सिंह नगर जिले की खटीमा रेंज में एक बार फिर अवैध पेड़ कटान का मामला चर्चा का विषय बन गया है। कुछ दिन पहले 16 पेड़ों के कटान की पुष्टि के बाद मामला अभी शांत भी नहीं हुआ था कि अब चकरपुर वन चौकी क्षेत्र से कटे हुए पेड़ों का नया मामला सामने आ गया है। आरोप है कि घटनास्थल की वास्तविक स्थिति और अधिकारियों को दी गई जानकारी में बड़ा अंतर है।

स्थानीय लोगों द्वारा सामने लाए गए वीडियो और लोकेशन फोटो में चार कटे हुए पेड़ों के अवशेष दिखाई दे रहे हैं। आरोप है कि वन विभाग के कर्मचारियों ने अपने उच्च अधिकारियों को केवल दो पेड़ों के कटान की जानकारी देकर वास्तविक स्थिति छिपाने की कोशिश की।

ग्रामीणों का कहना है कि वीडियो में स्पष्ट दिखाई दे रहा है कि कटे हुए पेड़ों की लकड़ी पहले ही मौके से हटाई जा चुकी थी। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि जब घटनास्थल पर लकड़ी मौजूद नहीं थी, तो वन विभाग ने कटान का मामला किस आधार पर दर्ज किया। इसके अलावा आरोप यह भी है कि कटे हुए पेड़ों के ठूंठों को जलाकर सबूत मिटाने का प्रयास किया गया। सामने आई लोकेशन फोटो पर 6 जुलाई की तारीख भी अंकित दिखाई दे रही है, जिससे मामले को लेकर संदेह और गहरा गया है।

हालांकि, इस पूरे मामले पर खटीमा वन प्रभाग की एसडीओ संचिता वर्मा का कहना है कि मौके पर केवल दो सूखे और गिरे हुए पेड़ों का कटान हुआ है। उन्होंने बताया कि दोनों पेड़ों की लकड़ी बरामद कर सुरक्षित स्थान पर रखवा दी गई है और नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।

फिलहाल इस प्रकरण को लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं। एक ओर स्थानीय लोग वन विभाग पर तथ्यों को छिपाने का आरोप लगा रहे हैं, तो दूसरी ओर विभाग अपने स्तर पर कार्रवाई का दावा कर रहा है। अब निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि वन विभाग मामले की निष्पक्ष जांच कर वास्तविक स्थिति सामने लाता है या कार्रवाई केवल औपचारिकता बनकर रह जाती है।

संचिता वर्मा एसडीओ खटीमा

Share
Copyright2017©Spot Witness Times. Designed by MTC, 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.