राहुल गांधी के कार्यक्रम की तैयारियों में हादसे के शिकार अमर सिंह मेहता को अंतिम विदाई
कांग्रेस नेता अमर सिंह मेहता का शुक्रवार को देहरादून के लक्खीबाग श्मशान घाट में पूरे विधि-विधान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। इस दौरान कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं, पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और बड़ी संख्या में शुभचिंतकों ने उन्हें नम आंखों से अंतिम विदाई दी।
गौरतलब है कि गुरुवार को कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के प्रस्तावित कार्यक्रम की तैयारियों के दौरान कार्यक्रम स्थल पर एक लोहे का पिलर अचानक गिर गया था। इस हादसे में अमर सिंह मेहता गंभीर रूप से घायल हो गए थे। घटना के तुरंत बाद उन्हें उपचार के लिए सीएमआई अस्पताल ले जाया गया, लेकिन चिकित्सकों के तमाम प्रयासों के बावजूद उनकी जान नहीं बच सकी।
सीएमआई अस्पताल के न्यूरो सर्जन डॉ. महेश कुड़ियाल ने अमर सिंह मेहता के निधन की पुष्टि की थी। हादसे की खबर मिलते ही कांग्रेस संगठन में शोक की लहर दौड़ गई और पार्टी नेताओं व कार्यकर्ताओं ने गहरा दुख व्यक्त किया।
शुक्रवार को लक्खीबाग श्मशान घाट में उनके अंतिम संस्कार के दौरान कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी ने दिवंगत नेता को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके योगदान को याद किया और शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की।
राहुल गांधी के कार्यक्रम से पहले हुए इस दर्दनाक हादसे ने कांग्रेस संगठन को गहरा आघात पहुंचाया है। पार्टी कार्यकर्ताओं ने अमर सिंह मेहता को एक समर्पित और कर्मठ कार्यकर्ता बताते हुए उनकी कमी को अपूरणीय क्षति बताया।
