July 17, 2026

100 से ज्यादा CCTV खंगालकर पुलिस ने खोला लाखों की चोरी का राज, शातिर चोर गिरफ्तार

Crime

ऊधम सिंह नगर जिले के थाना पंतनगर क्षेत्र के शांतिपुरी नंबर-1 में हुई लाखों रुपये की चोरी का पुलिस ने सफल खुलासा करते हुए एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार किया है। मामले की जांच के दौरान पुलिस ने 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, जिसके बाद आरोपी तक पहुंचने में सफलता मिली। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से बड़ी मात्रा में सोने-चांदी के आभूषण और चोरी में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी बरामद की है।

एसएसपी अजय गणपति ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि गिरफ्तार आरोपी की पहचान अजय उर्फ अज्जू (28 वर्ष) पुत्र स्वर्गीय मोहन सिंह, निवासी गडरियाबाग, थाना किच्छा, जनपद ऊधम सिंह नगर के रूप में हुई है। आरोपी के खिलाफ पहले से ही करीब आधा दर्जन आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।

पुलिस के अनुसार आरोपी के पास से 160 ग्राम सोने के आभूषण, एक किलो चांदी के आभूषण तथा चोरी की वारदात में इस्तेमाल की गई चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की गई है। पूछताछ में यह भी सामने आया कि चोरी की गई करीब 7 लाख रुपये की नकदी आरोपी ने विभिन्न बैंक खातों में जमा कर दी थी। पुलिस ने संबंधित खातों को फ्रीज कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

जांच के दौरान घटना में एक अन्य आरोपी की संलिप्तता भी सामने आई है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।

एसएसपी अजय गणपति ने बताया कि आधुनिक तकनीक और सीसीटीवी फुटेज के विश्लेषण की मदद से पुलिस ने इस मामले का सफलतापूर्वक खुलासा किया है। उन्होंने कहा कि फरार आरोपी को भी जल्द गिरफ्तार कर पूरे मामले का खुलासा कर दिया जाएगा।

पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने की दिशा में बड़ी सफलता मानी जा रही है।

अजय गणपति – एसएसपी, ऊधम सिंह नगर।

Share
Copyright2017©Spot Witness Times. Designed by MTC, 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.