July 25, 2026

यूकेटीयू परीक्षा पेपर लीक मामले में शिवालिक कॉलेज के सहायक प्रोफेसर गिरफ्तार

Crime

उत्तराखण्ड तकनीकी विश्वविद्यालय (यूकेटीयू) की सम-सेमेस्टर परीक्षा में गोपनीयता भंग कर छात्रों को अनुचित लाभ पहुंचाने के आरोप में प्रेमनगर पुलिस ने शिवालिक कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग के एक सहायक प्रोफेसर को गिरफ्तार किया है। मामले में पुलिस अन्य संभावित आरोपियों की भूमिका की भी जांच कर रही है।

पुलिस के अनुसार, 23 जुलाई को वीर माधव सिंह भण्डारी उत्तराखण्ड तकनीकी विश्वविद्यालय के परीक्षा नियंत्रक डॉ. विनय कुमार पटेल ने कोतवाली प्रेमनगर में लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में बताया गया कि 8 जुलाई 2026 को आयोजित सम-सेमेस्टर परीक्षा के संबंध में विश्वविद्यालय को एक ई-मेल प्राप्त हुआ था, जिसमें आरोप लगाया गया कि 3 जुलाई 2026 को शिवालिक कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग, झाझरा में कार्यरत सहायक प्रोफेसर ने एक व्हाट्सएप ग्रुप के माध्यम से परीक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण प्रश्न छात्रों के साथ साझा किए थे।

विश्वविद्यालय ने परीक्षा समाप्त होने के बाद जब साझा किए गए प्रश्नों का मूल प्रश्नपत्र से मिलान किया तो उनमें काफी समानता पाई गई। इसके बाद गठित आंतरिक जांच समिति ने भी अपनी जांच में पाया कि संबंधित सहायक प्रोफेसर ने परीक्षा से पहले छात्रों के आंतरिक पोर्टल और व्हाट्सएप के माध्यम से परीक्षा से जुड़े समान प्रश्न साझा किए थे।

शिकायत के आधार पर कोतवाली प्रेमनगर में मुकदमा संख्या 144/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 316, 318(4) और 61(2) में मामला दर्ज किया गया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) देहरादून ने त्वरित साक्ष्य संकलन और प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए। विवेचना के दौरान गवाहों के बयान, दस्तावेजी और अन्य साक्ष्यों के आधार पर नामजद आरोपी आशीष कुमार गुप्ता, सहायक प्रोफेसर, शिवालिक कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग, झाझरा को गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस ने बताया कि आरोपी से बरामद इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की फोरेंसिक और तकनीकी जांच की जा रही है। साथ ही इस प्रकरण में अन्य संभावित आरोपियों की संलिप्तता के संबंध में भी साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। जांच पूरी होने के बाद नियमानुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

प्रमोद कुमार एसपीसीटी देहरादून

Share
Copyright2017©Spot Witness Times. Designed by MTC, 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.