July 28, 2026

कालाढूंगी में ‘विकसित भारत–रोजगार और आजीविका गारंटी मिशन ग्रामीण’ कार्यक्रम का आगाज, प्रचार अभियान शुरू

Poster

केंद्रीय संचार ब्यूरो, सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय, भारत सरकार, नैनीताल के तत्वावधान में आयोजित होने वाले ‘विकसित भारत – रोजगार और आजीविका गारंटी मिशन ग्रामीण’ विषयक एकीकृत संचार एवं आउटरीच कार्यक्रम का पूर्व प्रचार अभियान मंगलवार को पीएम श्री राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, कालाढूंगी से शुरू किया गया।

दो दिवसीय यह कार्यक्रम 28 एवं 29 जुलाई 2026 को पीएम श्री राजकीय इंटर कॉलेज, कालाढूंगी में आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों के नागरिकों को केंद्र सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं, रोजगार के अवसरों और आजीविका से जुड़े कार्यक्रमों की जानकारी उपलब्ध कराना है।

कार्यक्रम के प्रचार अभियान की शुरुआत नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती रेखा ने दो प्रचार वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना कर की। इन प्रचार वाहनों पर कार्यक्रम से संबंधित बैनर, पोस्टर और पंपलेट लगाए गए थे, जबकि ऑडियो संदेशों के माध्यम से ग्रामीणों को कार्यक्रम में शामिल होने का आमंत्रण दिया गया। प्रचार अभियान के जरिए लोगों को चित्र प्रदर्शनी, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और विभिन्न प्रतियोगिताओं की जानकारी भी दी गई।

प्रचार के दौरान देवीपुरा, रूपपुर, चितपुर, छोरा, झोली, चकला, प्रतापपुर, मौला, धमोला, नयागांव, शिवलालपुरी और बेल बढ़ाओ सहित कई गांवों एवं सार्वजनिक स्थलों पर पोस्टर और बैनर लगाए गए, ताकि अधिक से अधिक लोगों तक कार्यक्रम की जानकारी पहुंच सके।

पूर्व प्रचार अभियान के अंतर्गत पीएम श्री राजकीय बालिका इंटर कॉलेज कालाढूंगी और सरस्वती विद्या मंदिर कालाढूंगी में क्विज प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। संजना, महक बिष्ट, इकरा, कविता, देवेश, सौरव, हर्षित, निशा और विशाल ने सही उत्तर देकर पुरस्कार प्राप्त किए।

आयोजकों के अनुसार कार्यक्रम के मुख्य दिवसों में चित्र प्रदर्शनी, सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ विभिन्न ज्ञानवर्धक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। इन गतिविधियों के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्र के नागरिकों को सरकारी योजनाओं, स्वरोजगार, कौशल विकास और आजीविका से जुड़े अवसरों के प्रति जागरूक किया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक लोग इन योजनाओं का लाभ उठा सकें।

Share
Copyright2017©Spot Witness Times. Designed by MTC, 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.