July 28, 2026

कांवड़ यात्रा से पहले खाद्य सुरक्षा विभाग का छापा, मिलावटी पनीर का भंडाफोड़

Haridwar

कांवड़ मेले से पहले हरिद्वार में मिलावटी खाद्य पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा विभाग और पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए श्यामपुर थाना क्षेत्र के कांगड़ी स्थित एक डेरी पर संयुक्त छापेमारी की। इस दौरान करीब 50 किलोग्राम संदिग्ध पनीर बरामद किया गया, जिसे मौके पर ही नष्ट करा दिया गया।

संयुक्त टीम की प्रारंभिक जांच में सामने आया कि डेरी में पनीर को दूध के सूखे पाउडर (मिल्क पाउडर) और फॉरेन फैट की मदद से तैयार किया जा रहा था। खाद्य सुरक्षा अधिकारियों को पनीर की गुणवत्ता संदिग्ध लगने पर उसका पूरा स्टॉक जब्त कर मौके पर ही नष्ट करा दिया गया, ताकि वह बाजार या कांवड़ मेले तक न पहुंच सके।

अधिकारियों ने बरामद पनीर के नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिए हैं। प्रयोगशाला की रिपोर्ट आने के बाद संबंधित डेरी संचालक के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

कार्रवाई के दौरान डेरी संचालक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी गई है। प्रारंभिक आशंका है कि मिलावटी पनीर को आगामी कांवड़ मेले के दौरान बड़ी मात्रा में खपाने की तैयारी की जा रही थी। पुलिस इस पूरे नेटवर्क की भी जांच कर रही है कि मिलावटी पनीर की आपूर्ति किन-किन स्थानों पर की जा रही थी।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि कांवड़ मेले के मद्देनजर खाद्य सुरक्षा से किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा। अधिकारियों ने बताया कि होटल, ढाबों, डेरी, मिठाई की दुकानों और अन्य खाद्य प्रतिष्ठानों पर लगातार निरीक्षण और सघन जांच अभियान जारी रहेगा। मिलावटखोरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता पर विशेष निगरानी रखी जाएगी, ताकि श्रद्धालुओं को सुरक्षित और शुद्ध खाद्य सामग्री उपलब्ध कराई जा सके।

Share
Copyright2017©Spot Witness Times. Designed by MTC, 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.