September 16, 2026

महेंद्र भट्ट के इस्तीफे की अफवाहों पर भाजपा का बड़ा बयान, नेतृत्व परिवर्तन से किया इनकार

BJP

पिछले कुछ दिनों से सोशल मीडिया पर उत्तराखंड भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट के इस्तीफे को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं चल रही थीं। हालांकि अब भारतीय जनता पार्टी ने इन अटकलों को पूरी तरह खारिज कर दिया है और स्पष्ट किया है कि संगठन में नेतृत्व परिवर्तन को लेकर ऐसी कोई स्थिति नहीं है।

भाजपा के प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार ने सोशल मीडिया पर चल रही चर्चाओं को निराधार बताते हुए कहा कि किसी भी राजनीतिक दल का संचालन सोशल मीडिया की अफवाहों या चर्चाओं के आधार पर नहीं होता। उन्होंने कहा कि पार्टी का संगठनात्मक ढांचा मजबूत है और सभी निर्णय संगठन की निर्धारित प्रक्रिया के तहत लिए जाते हैं।

कुंदन परिहार ने कहा कि प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट के नेतृत्व में भाजपा का संगठन बूथ स्तर तक मजबूत हुआ है। कार्यकर्ता पूरी तरह एकजुट होकर संगठन को और सशक्त बनाने में जुटे हैं। उन्होंने कहा कि महेंद्र भट्ट के नेतृत्व में पार्टी लगातार संगठनात्मक गतिविधियों को आगे बढ़ा रही है और इसका सकारात्मक परिणाम भी देखने को मिल रहा है।

प्रदेश महामंत्री ने यह भी स्पष्ट किया कि आगामी 2027 के उत्तराखंड विधानसभा चुनाव भाजपा महेंद्र भट्ट के नेतृत्व में ही लड़ेगी। उन्होंने विश्वास जताया कि पार्टी एकजुट होकर चुनाव मैदान में उतरेगी और बेहतर प्रदर्शन करते हुए फिर से सरकार बनाएगी।

भाजपा के इस आधिकारिक बयान के बाद प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट के इस्तीफे को लेकर सोशल मीडिया पर चल रही अटकलों पर फिलहाल विराम लग गया है।

कुंदन परिहार, प्रदेश महामंत्री भाजपा

Share
Copyright2017©Spot Witness Times. Designed by MTC, 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.