August 1, 2026

बारिश बनी काल: देहरादून में नाली के तेज बहाव में बहकर दो बहनों की मौत

Dehradu

उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में लगातार हो रही बारिश के बीच एक दर्दनाक हादसे ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया। क्लेमेंटाउन थाना क्षेत्र की नई बस्ती में घरों के बाहर बनी नाली के तेज बहाव में बहने से दो सगी मासूम बहनों की मौत हो गई। दोनों बच्चियां खेलते-खेलते नाली में नहाने चली गई थीं, तभी तेज बहाव की चपेट में आ गईं।

जानकारी के अनुसार, हादसा नई बस्ती स्थित दुर्गा मंदिर के पास हुआ। तेज पानी के बहाव में बहने के बाद दोनों बच्चियां नाले के ऊपर बने रैंप के नीचे फंस गईं। आसपास मौजूद लोगों ने उन्हें बचाने का प्रयास किया और पुलिस के पहुंचने से पहले ही दोनों को बाहर निकाल लिया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी।

पुलिस के मुताबिक, क्लेमेंटाउन थाना पुलिस को राजेश मित्तल ने सूचना दी कि दुर्गा मंदिर, नई बस्ती के पास दो बच्चियां नाली में बहकर रैंप के नीचे फंस गई हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची, लेकिन स्थानीय लोगों द्वारा बाहर निकाले जाने तक दोनों बच्चियों की मौत हो चुकी थी।

मृतक बच्चियों की पहचान लक्ष्मी कुमारी (7 वर्ष) और सोनाक्षी कुमारी (3 वर्ष) के रूप में हुई है। दोनों सगी बहनें थीं और उनके निधन से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है।

पुलिस ने दोनों बच्चियों के शवों को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं, लगातार हो रही बारिश के बीच प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि बच्चों को जलभराव वाले क्षेत्रों, नालों और तेज बहाव वाले स्थानों के आसपास न जाने दें तथा विशेष सतर्कता बरतें, ताकि इस तरह की दर्दनाक घटनाओं से बचा जा सके।

अंकित कंडारी पुलिस क्षेत्राधिकारी सदर देहरादून

Share
Copyright2017©Spot Witness Times. Designed by MTC, 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.