August 1, 2026

भाजपा-RSS की रणनीति पर कांग्रेस का वार, प्रीतम सिंह बोले- जनता अब नहीं होगी गुमराह

Politics

उत्तराखंड में वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। एक ओर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) चुनावी रणनीति को धार देने में जुटे हैं, तो वहीं कांग्रेस ने भी भाजपा पर तीखा हमला बोलना शुरू कर दिया है।

हाल ही में देहरादून स्थित संघ कार्यालय में भाजपा और आरएसएस के शीर्ष नेताओं की समन्वय बैठक आयोजित हुई। बैठक में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, भाजपा के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बीएल संतोष सहित कई वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहे। बैठक में आगामी विधानसभा चुनाव की रणनीति, संगठनात्मक मजबूती और बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने जैसे मुद्दों पर चर्चा होने की बात सामने आई है।

भाजपा और संघ की इस बैठक को लेकर कांग्रेस ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। प्रदेश चुनाव समिति अभियान अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने कहा कि कांग्रेस पूरी रणनीति और मजबूती के साथ 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारी कर रही है।

उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा और आरएसएस मिलकर केवल जनता को गुमराह करने का काम करते हैं। प्रीतम सिंह ने कहा कि प्रदेश की जनता अब भाजपा की कार्यशैली को अच्छी तरह समझ चुकी है और इस बार लोगों को बरगलाना आसान नहीं होगा।

कांग्रेस नेता ने दावा किया कि राज्य में जनता बदलाव चाहती है और आगामी विधानसभा चुनाव में कांग्रेस सरकार बनाएगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस जनता के मुद्दों को लेकर मैदान में है और संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने का कार्य लगातार किया जा रहा है।

उत्तराखंड में 2027 के विधानसभा चुनाव भले अभी कुछ समय दूर हों, लेकिन राजनीतिक दलों ने अपनी-अपनी रणनीतियों पर काम शुरू कर दिया है। आने वाले समय में चुनावी गतिविधियां और तेज होने की संभावना है, वहीं आरोप-प्रत्यारोप का दौर भी लगातार जारी रहने के आसार हैं।

प्रीतम सिंह विधायक चकराता

Share
Copyright2017©Spot Witness Times. Designed by MTC, 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.