एमजे टावर हमले के फरार आरोपी आसिफ बाबा के घर ढोल-नगाड़ों के साथ हुई मुनादी
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) देहरादून के निर्देश पर वांछित और फरार अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत दून पुलिस ने एमजे टावर मारपीट मामले के मुख्य आरोपी आसिफ बाबा उर्फ आसिफ मलिक के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी के विरुद्ध न्यायालय के आदेश पर उसके घर और सार्वजनिक स्थानों पर ढोल-नगाड़ों के साथ मुनादी कराते हुए उद्घोषणा चस्पा की गई।
पुलिस के अनुसार 28 जून को कोतवाली नगर क्षेत्र स्थित एमजे टावर के बेसमेंट में आसिफ बाबा उर्फ आसिफ मलिक ने अपने साथियों के साथ मिलकर प्रियांश जैन के साथ मारपीट की थी। आरोप है कि इस दौरान धारदार हथियारों से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया गया था। घटना के बाद से आरोपी लगातार फरार चल रहा है।
कोतवाली नगर पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही थी। इस दौरान न्यायालय से आरोपी के खिलाफ गैर-जमानती वारंट (एनबीडब्ल्यू) भी प्राप्त किया गया, लेकिन गिरफ्तारी नहीं हो सकी। लगातार फरार रहने पर पुलिस ने न्यायालय से आदेश प्राप्त कर आरोपी के विरुद्ध बीएनएसएस की धारा 84 के तहत आगे की कार्रवाई शुरू की।
न्यायालय के निर्देश पर पुलिस टीम ने आरोपी के मेहुवाला स्थित आवास के साथ-साथ सार्वजनिक स्थानों और प्रमुख चौराहों पर दो गवाहों की मौजूदगी में ढोल-नगाड़ों के साथ मुनादी कराई। इसके अलावा आरोपी के घर के मुख्य द्वार तथा मोहल्ले के प्रमुख स्थानों पर न्यायालय की उद्घोषणा भी चस्पा की गई।
मुनादी के दौरान आरोपी आसिफ मलिक को न्यायालय के समक्ष निर्धारित समय में उपस्थित होने के लिए कहा गया। पुलिस ने चेतावनी दी कि यदि आरोपी तय अवधि में न्यायालय के समक्ष पेश नहीं होता है तो न्यायालय के आदेशानुसार उसके विरुद्ध आगे की वैधानिक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
दून पुलिस का कहना है कि फरार और वांछित अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा तथा कानून से बचने की कोशिश करने वाले आरोपियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
