अग्निवीर योजना के विरोध में कांग्रेस की रैली, सत्ता में आने पर योजना समाप्त करने का दावा
अग्निवीर योजना के विरोध में कांग्रेस ने बुधवार को देहरादून में प्रदेश कांग्रेस कार्यालय से लैंसडाउन चौक तक विरोध रैली निकाली। रैली में बड़ी संख्या में पूर्व सैनिकों, कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अग्निवीर योजना को वापस लेने की मांग की।
रैली प्रदेश कांग्रेस कार्यालय से शुरू होकर लैंसडाउन चौक तक पहुंची और वहां से वापस प्रदेश कार्यालय पर समाप्त हुई। इस दौरान कांग्रेस के पूर्व सैनिक प्रकोष्ठ के राष्ट्रीय अध्यक्ष कर्नल रोहित चौधरी, प्रदेश अध्यक्ष पूर्व सैनिक कांग्रेस राम रतन नेगी, चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष हरक सिंह रावत, वरिष्ठ प्रदेश उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना सहित कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
प्रदर्शन को संबोधित करते हुए कर्नल रोहित चौधरी ने कहा कि अग्निवीर योजना सैनिकों के सम्मान और सेना की पारंपरिक भर्ती व्यवस्था के अनुरूप नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि इस योजना से युवाओं के भविष्य पर अनिश्चितता बढ़ी है और सेना की नियमित भर्ती प्रणाली प्रभावित हुई है।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि उनकी पार्टी लगातार अग्निवीर योजना का विरोध करती रही है और यदि भविष्य में केंद्र में कांग्रेस की सरकार बनती है तो इस योजना को समाप्त कर पूर्व की नियमित भर्ती व्यवस्था को बहाल किया जाएगा।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार से अग्निवीर योजना वापस लेने की मांग करते हुए इसे युवाओं और सेना के हित में पुनर्विचार योग्य बताया।
कर्नल रोहित चौधरी, राष्ट्रीय अध्यक्ष, पूर्व सैनिक प्रकोष्ठ कांग्रेस
