August 8, 2026

उत्तराखंड में 10 हजार युवाओं को मिलेगा रोजगार, चार बड़े रोजगार मेले लगाएगा तकनीकी शिक्षा विभाग

Meeting

उत्तराखंड के बेरोजगार युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ाने की दिशा में राज्य सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। प्रदेशभर के करीब 10 हजार युवाओं को देश की विभिन्न बहुराष्ट्रीय कंपनियों में रोजगार दिलाने के उद्देश्य से तकनीकी शिक्षा विभाग की ओर से विशेष रोजगार मेलों का आयोजन किया जाएगा। आगामी चार महीनों में गढ़वाल और कुमाऊं मंडल में कुल चार रोजगार मेले आयोजित किए जाएंगे।

विद्यालयी शिक्षा, उच्च शिक्षा एवं तकनीकी शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने शनिवार को अपने शासकीय आवास पर तकनीकी शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक ली। उन्होंने अधिकारियों को सभी लंबित कार्यों को निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा करने के निर्देश दिए।

बैठक में डॉ. रावत ने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य अधिक से अधिक युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराना है। उन्होंने बताया कि सरकार अब तक करीब 42 हजार युवाओं को रोजगार उपलब्ध करा चुकी है, जिसमें स्थायी कार्मिकों के साथ ही संविदा और आउटसोर्स कर्मचारियों को भी शामिल किया गया है।

श्रीनगर, देहरादून, काशीपुर और अल्मोड़ा में लगेंगे मेले

तकनीकी शिक्षा मंत्री ने बताया कि अगले चार महीनों में प्रदेश में चार विशेष रोजगार मेलों का आयोजन किया जाएगा। इनमें गढ़वाल मंडल में श्रीनगर और देहरादून, जबकि कुमाऊं मंडल में काशीपुर और अल्मोड़ा में रोजगार मेले लगाए जाएंगे।

इन मेलों में पॉलीटेक्निक, आईटीआई और राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेजों से पास आउट तथा अंतिम वर्ष में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं को रोजगार के अवसर मिलेंगे। इसके अलावा विद्यालयी शिक्षा के तहत व्यावसायिक पाठ्यक्रम पूरा कर चुके युवाओं को भी निजी कंपनियों में नौकरी का अवसर उपलब्ध कराया जाएगा।

ग्रामीण युवाओं को भी मिलेगा मौका

रोजगार मेलों का लाभ केवल तकनीकी संस्थानों के विद्यार्थियों तक सीमित नहीं रहेगा। उच्च शिक्षा प्राप्त कर रहे छात्र-छात्राओं के साथ-साथ ग्रामीण क्षेत्रों के बेरोजगार युवाओं को भी विभिन्न निजी और बहुराष्ट्रीय कंपनियों में रोजगार पाने का अवसर मिलेगा।

डॉ. धन सिंह रावत ने रोजगार मेलों में अधिक से अधिक युवाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। इसके लिए तकनीकी शिक्षा विभाग को एक सप्ताह के भीतर निःशुल्क ऑनलाइन पंजीकरण प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश दिए गए हैं।

कई विभागों की रहेगी भागीदारी

मंत्री ने कहा कि रोजगार मेलों को व्यापक स्तर पर सफल बनाने के लिए विद्यालयी शिक्षा विभाग, उच्च शिक्षा विभाग, सेवायोजन विभाग और कौशल विकास विभाग की भी भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। इस संबंध में जल्द ही एक उच्चस्तरीय संयुक्त बैठक आयोजित कर रोजगार मेलों की विस्तृत कार्ययोजना को अंतिम रूप दिया जाएगा।

सरकार का कहना है कि इन रोजगार मेलों के माध्यम से प्रदेश के युवाओं को उनके कौशल और योग्यता के अनुरूप निजी क्षेत्र में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के साथ ही युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में भी काम किया जाएगा।

Share
Copyright2017©Spot Witness Times. Designed by MTC, 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.