August 10, 2026

सावन के दूसरे सोमवार पर शिवमय हुआ हरिद्वार, शिवालयों में उमड़ा आस्था का सैलाब

Shiva temple

सावन के दूसरे सोमवार पर धर्मनगरी हरिद्वार पूरी तरह शिवमय नजर आई। कांवड़ मेले के अंतिम पड़ाव के बीच सुबह से ही प्रमुख शिवालयों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। वहीं सड़कों पर डाक कांवड़ियों की संख्या लगातार बढ़ती रही। हर-हर महादेव के जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा।

कनखल स्थित भगवान भोलेनाथ के ससुराल माने जाने वाले दक्ष प्रजापति मंदिर में जलाभिषेक के लिए श्रद्धालुओं की लंबी कतार लगी रही। मंदिर परिसर हर-हर महादेव और बम-बम भोले के जयघोष से गूंजता रहा। श्रद्धालुओं ने भगवान शिव का गंगाजल, दूध, दही, बेलपत्र, भांग और धतूरे से अभिषेक कर विशेष पूजा-अर्चना की।

इसके अलावा बिल्वकेश्वर महादेव, पारद शिवलिंग, दरिद्र भंजन महादेव और तिलभांडेश्वर महादेव समेत हरिद्वार के प्रमुख शिवालयों में भी सुबह से ही भक्तों की भीड़ देखने को मिली। मंदिरों में दर्शन और जलाभिषेक के लिए श्रद्धालु अपनी बारी का इंतजार करते नजर आए।

सावन सोमवार के अवसर पर धर्मनगरी के मठ-मंदिरों को रंग-बिरंगी रोशनी से सजाया गया है। हर ओर भक्ति और आस्था का माहौल दिखाई दे रहा है। कांवड़ मेले के अंतिम चरण के चलते हरिद्वार में डाक कांवड़ियों की आवाजाही भी लगातार बढ़ रही है।

डाक कांवड़ के बढ़ते दबाव और श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए पुलिस-प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है। प्रमुख मार्गों, चौराहों और मंदिरों पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की गई है। यातायात व्यवस्था बनाए रखने के साथ ही भीड़ प्रबंधन पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

Share
Copyright2017©Spot Witness Times. Designed by MTC, 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.