मसूरी की छह प्रमुख सड़कों के नाम राज्य आंदोलनकारियों के नाम पर रखने की तैयारी: गणेश जोशी
उत्तराखंड के 26वें राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने नगर पालिका परिषद मसूरी के टाउन हॉल में आयोजित सम्मान समारोह में प्रतिभाग किया। इस दौरान उन्होंने उत्तराखंड राज्य निर्माण आंदोलन में शहीद हुए वीर बलिदानियों के परिजनों और राज्य आंदोलनकारियों को सम्मानित किया। उन्होंने राज्य निर्माण के लिए आंदोलनकारियों के संघर्ष, त्याग और बलिदान को नमन करते हुए कहा कि उनके योगदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता।
कैबिनेट मंत्री ने कहा कि उत्तराखंड राज्य का गठन लंबे संघर्ष और अनेक आंदोलनकारियों के बलिदान का परिणाम है। राज्य निर्माण के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले वीर बलिदानियों और आंदोलनकारियों का योगदान प्रदेश के इतिहास में सदैव स्मरणीय रहेगा।
उन्होंने घोषणा की कि मसूरी की छह प्रमुख सड़कों के नाम राज्य आंदोलनकारियों के नाम पर रखे जाने की दिशा में शीघ्र कार्य किया जाएगा। इसका उद्देश्य आने वाली पीढ़ियों को राज्य निर्माण आंदोलन के इतिहास, संघर्ष और आंदोलनकारियों के योगदान से परिचित कराना है।
गणेश जोशी ने राज्य निर्माण में पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी के योगदान को भी याद किया। उन्होंने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी के नेतृत्व में उत्तराखंड राज्य गठन का ऐतिहासिक निर्णय लिया गया, जिसने प्रदेश के विकास का मार्ग प्रशस्त किया।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड ने गठन के 26 वर्षों में विकास के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय प्रगति की है और कई क्षेत्रों में अग्रणी स्थान हासिल किया है। राज्य गठन के बाद आधारभूत ढांचे के विकास के चलते कृषि का क्षेत्रफल जरूर कम हुआ है, लेकिन कृषि उत्पादों के उत्पादन में कई गुना वृद्धि हुई है। यह किसानों की मेहनत और आधुनिक कृषि तकनीकों का परिणाम है।
कैबिनेट मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड देश का पहला राज्य बना है, जिसने समान नागरिक संहिता (यूसीसी) लागू की है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार समग्र विकास, जनकल्याण और राज्य आंदोलनकारियों के सपनों का उत्तराखंड बनाने के संकल्प के साथ निरंतर कार्य कर रही है।
कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी
