मसूरी शहीद स्थल पर गणेश जोशी ने शहीदों को दी श्रद्धांजलि, आंदोलनकारियों के बलिदान को किया याद
उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने मसूरी स्थित शहीद स्थल पहुंचकर राज्य आंदोलन के अमर शहीदों को पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। उन्होंने पृथक उत्तराखंड राज्य के निर्माण के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले आंदोलनकारियों को नमन करते हुए उनके संघर्ष, त्याग और बलिदान का स्मरण किया।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि राज्य आंदोलनकारियों के संघर्ष और बलिदान के कारण ही उत्तराखंड को पृथक राज्य का दर्जा मिला। राज्य निर्माण के आंदोलन में मातृशक्ति का योगदान अतुलनीय रहा है, जिसे हमेशा याद रखा जाएगा।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड को अलग राज्य का दर्जा दिलाने में देश के पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी का ऐतिहासिक योगदान रहा। उन्होंने उत्तराखंडवासियों की भावनाओं का सम्मान करते हुए राज्य निर्माण का मार्ग प्रशस्त किया। जोशी ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी ने उत्तराखंड बनाया और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इसे संवारने का कार्य कर रहे हैं।
कैबिनेट मंत्री ने कहा कि उत्तराखंड अपनी स्थापना के 26 वर्ष पूर्ण कर विकास की नई ऊंचाइयों की ओर अग्रसर है। इन वर्षों में प्रदेश ने विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार राज्य आंदोलनकारियों की भावनाओं और आकांक्षाओं के अनुरूप उत्तराखंड को समृद्ध, सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है।
उन्होंने विश्वास जताया कि प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री के नेतृत्व में उत्तराखंड आने वाले समय में देश के अग्रणी राज्यों में अपनी पहचान बनाएगा। इस दौरान उन्होंने समस्त प्रदेशवासियों को राज्य स्थापना दिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं भी दीं।
