August 10, 2026

विदुषी निशंक को मिला प्रथम ‘दिल्ली गौरव सम्मान-2026’, शिक्षा और समाजसेवा में योगदान के लिए हुईं सम्मानित

honored

उत्तराखंड की बेटी और अधिवक्ता विदुषी निशंक को शिक्षा, न्याय, साहित्य एवं सामाजिक सेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए प्रथम ‘दिल्ली गौरव सम्मान-2026’ से सम्मानित किया गया। संस्कृति युवा संस्था एवं इंडियन ग्लोबल फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित सम्मान समारोह नई दिल्ली स्थित प्रधानमंत्री संग्रहालय एवं पुस्तकालय (PMML) ऑडिटोरियम में हुआ।

समारोह में केंद्रीय विधि एवं न्याय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल, राजस्थान के पूर्व राज्यपाल एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री कलराज मिश्र, उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री एवं भारत सरकार के पूर्व शिक्षा मंत्री डॉ. रमेश पोखरियाल ‘निशंक’ तथा संस्कृति युवा संस्था के अध्यक्ष पं. सुरेश मिश्रा ने विदुषी निशंक को ‘दिल्ली गौरव सम्मान-2026’ प्रदान किया।

पेशे से अधिवक्ता विदुषी निशंक भारत के प्रथम ‘लेखक गाँव’ (Writers’ Village) की निदेशक हैं और सामाजिक क्षेत्र में भी लगातार सक्रिय हैं। अपनी स्वर्गीय माता की स्मृति में स्थापित ‘कुसुम कांता फाउंडेशन’ के माध्यम से वह शिक्षा, महिला सशक्तिकरण और सामाजिक सेवा से जुड़े कार्यों को आगे बढ़ा रही हैं।

विदुषी निशंक शैक्षणिक रूप से विधि में स्वर्ण पदक विजेता हैं। उन्होंने यूनिवर्सिटी ऑफ कैम्ब्रिज से एलएलएम किया है और यूनिवर्सिटी ऑफ ऑक्सफोर्ड के लिए कॉमनवेल्थ स्कॉलर भी रही हैं। शिक्षा, कानून और सामाजिक सरोकारों के क्षेत्र में उनकी सक्रिय भागीदारी महिला सशक्तिकरण और युवा नेतृत्व के लिए प्रेरणादायी उदाहरण मानी जा रही है।

सम्मान प्राप्त करने के बाद विदुषी निशंक ने इसे अपने लिए गौरव और जिम्मेदारी का अवसर बताया। उन्होंने कहा कि समाज और देश के लिए सकारात्मक कार्य करने की प्रेरणा उन्हें लगातार मिलती रही है और भविष्य में भी शिक्षा, महिला सशक्तिकरण तथा सामाजिक सेवा के क्षेत्र में योगदान जारी रखने का प्रयास करेंगी।

समारोह में विदुषी निशंक के अलावा भारतीय शास्त्रीय नृत्यांगना शोवना नारायण, भारतीय फिल्म एवं मीडिया जगत के संदीप मारवाह, लेफ्टिनेंट कर्नल मनोज सिन्हा, स्वामी प्रेम अन्वेष जी महाराज, स्वाति गर्ग सहित देशभर के विभिन्न क्षेत्रों की कई प्रतिष्ठित विभूतियों को भी ‘दिल्ली गौरव सम्मान-2026’ से सम्मानित किया गया।

यह सम्मान समारोह विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली प्रतिभाओं को पहचान और प्रोत्साहन देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल के रूप में सामने आया।

Share
Copyright2017©Spot Witness Times. Designed by MTC, 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.