देहरादून में भारी बारिश का कहर, नाले किनारे बना भवन गिरा
देहरादून में बीती रात हुई मूसलाधार बारिश के चलते मंगलवार तड़के बड़ा हादसा हो गया। करीब सुबह 5 बजे कोतवाली पटेलनगर क्षेत्र के कारगी चांचक में नाले के किनारे बना एक भवन भरभराकर गिर गया। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
भवन गिरने की सूचना मिलते ही आपदा प्रबंधन नियंत्रण कक्ष और जिला प्रशासन सक्रिय हो गया। राहत एवं बचाव कार्य के लिए मौके पर दो जेसीबी मशीनों के साथ नगर निगम और प्रशासन की टीमों को तत्काल तैनात किया गया। टीमें मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लेने के साथ राहत और बचाव कार्य में जुटी हुई हैं।
देहरादून के जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने बताया कि प्रशासनिक मशीनरी मौके पर मौजूद है और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। उन्होंने कहा कि प्रभावित लोगों को नियमानुसार हर संभव सहायता उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक प्रस्ताव तैयार किए जा रहे हैं।
लगातार हो रही बारिश के बीच प्रशासन ने संवेदनशील इलाकों में निगरानी बढ़ा दी है। नदियों और नालों के आसपास रहने वाले लोगों से भी सतर्क रहने की अपील की जा रही है।
डॉ. आशीष चौहान, जिलाधिकारी देहरादून
