August 12, 2026

युवा संवाद से युवाओं को साध रही भाजपा, कांग्रेस के आरोपों पर भाजपा का पलटवार

Yuva Samvad

प्रदेश भाजपा इन दिनों युवा संवाद कार्यक्रमों के जरिए युवाओं को पार्टी की रीति-नीति से जोड़ने और अपने पक्ष में लामबंद करने की कोशिश में जुटी है। प्रदेश के अलग-अलग क्षेत्रों में आयोजित हो रहे इन कार्यक्रमों में भाजपा नेता युवाओं से संवाद कर सरकार की उपलब्धियां और युवाओं के लिए संचालित योजनाओं की जानकारी दे रहे हैं।

वहीं, कांग्रेस ने भाजपा के युवा संवाद कार्यक्रमों पर सवाल उठाए हैं। कांग्रेस का कहना है कि भाजपा को अब युवाओं की याद आ रही है, जबकि प्रदेश में भाजपा की सरकार होने के बावजूद युवाओं के हितों का अपेक्षित ध्यान नहीं रखा जा रहा है। कांग्रेस का आरोप है कि रोजगार समेत युवाओं से जुड़े कई मुद्दे अभी भी सरकार के सामने चुनौती बने हुए हैं।

भाजपा ने कांग्रेस के आरोपों पर पलटवार करते हुए विपक्ष पर निशाना साधा है। भाजपा के प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार ने कहा कि कांग्रेस ने लंबे समय तक देश और प्रदेश में शासन किया, लेकिन युवाओं के हितों के साथ हमेशा खिलवाड़ किया। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने युवाओं को योजनाओं से दूर रखा और उनके भविष्य के साथ कुठाराघात किया।

कुंदन परिहार ने कहा कि आज उत्तराखंड में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में सरकार युवा सोच के साथ काम कर रही है। मुख्यमंत्री धामी स्वयं युवा हैं और युवाओं की समस्याओं को बेहतर तरीके से समझते हैं। उन्होंने कहा कि सरकार की नीतियों और योजनाओं का लाभ युवाओं तक पहुंचाया जा रहा है।

भाजपा प्रदेश महामंत्री ने दावा किया कि इसी वजह से प्रदेश का युवा आज भाजपा के साथ खड़ा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में आयोजित हो रहे युवा संवाद कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में युवा स्वयं पहुंच रहे हैं। उनके मुताबिक, कार्यक्रमों में युवाओं की भागीदारी इस बात का संकेत है कि प्रदेश का युवा भाजपा की नीतियों और सरकार के कामकाज के प्रति विश्वास जता रहा है।

कुंदन परिहार, प्रदेश महामंत्री भाजपा

Share
Copyright2017©Spot Witness Times. Designed by MTC, 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.