August 12, 2026

कांवड़ मेले के बाद हरिद्वार में सफाई अभियान तेज, 7 लाख किलो कूड़ा हटाने में जुटा नगर निगम

Cleanup drive

कांवड़ मेला 2026 के समापन के बाद हरिद्वार में सफाई व्यवस्था को लेकर नगर निगम ने युद्धस्तर पर अभियान शुरू कर दिया है। प्रशासनिक आंकड़ों के मुताबिक इस बार करीब 4 करोड़ 80 लाख शिवभक्त गंगाजल लेकर अपने गंतव्य की ओर रवाना हुए। कांवड़ यात्रा के दौरान हरकी पैड़ी क्षेत्र और शहर में करीब 7,000 मीट्रिक टन यानी 7 लाख किलो कूड़ा जमा हुआ।

कांवड़ियों की भारी भीड़ के बाद शहर में जगह-जगह फैले कचरे को हटाने के लिए नगर निगम की टीमें लगातार सफाई अभियान चला रही हैं। मुख्य नगर आयुक्त नंदन कुमार ने बताया कि हरकी पैड़ी क्षेत्र को लगभग पूरी तरह साफ कर दिया गया है। शहर के अन्य हिस्सों में भी सफाई कर्मचारी लगातार काम कर रहे हैं।

मुख्य नगर आयुक्त ने बताया कि सफाई अभियान युद्धस्तर पर जारी है और उम्मीद है कि शाम तक हरकी पैड़ी समेत प्रमुख क्षेत्रों की सफाई पूरी कर ली जाएगी। इसके लिए नगर निगम की ओर से अतिरिक्त टीमें भी तैनात की गई हैं।

छोड़े गए कपड़ों को किया जाएगा रिसायकल

इस बार नगर निगम ने सफाई व्यवस्था के साथ पर्यावरण संरक्षण की दिशा में भी नई पहल की है। कांवड़ यात्रा के दौरान शिवभक्तों की ओर से छोड़े गए कपड़ों को एकत्र कर रीसायकल करने की प्रक्रिया शुरू की गई है।

नगर निगम का उद्देश्य कांवड़ मेले के बाद उत्पन्न कचरे का वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण करने के साथ ही उपयोगी सामग्री को दोबारा इस्तेमाल योग्य बनाना है। अधिकारियों के मुताबिक कपड़ों के रिसाइक्लिंग से कचरे का दबाव कम करने और स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।

नंदन कुमार (मुख्य नगर आयुक्त, नगर निगम हरिद्वार)

Share
Copyright2017©Spot Witness Times. Designed by MTC, 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.