August 13, 2026

हर घर तिरंगा यात्रा में उमड़ा जनसैलाब, कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने किया शुभारंभ

Tiranga

कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने मसूरी विधानसभा क्षेत्र के श्रीदेव सुमन नगर मंडल की ओर से आयोजित ‘हर घर तिरंगा यात्रा’ में प्रतिभाग कर यात्रा का शुभारंभ किया। तिरंगा यात्रा मधुबन होटल से शुरू होकर दिलाराम चौक होते हुए हाथीबड़कला पहुंची, जहां इसका समापन हुआ। यात्रा में बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों, पार्टी कार्यकर्ताओं और युवाओं ने उत्साह के साथ हिस्सा लिया।

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि तिरंगा केवल देश का ध्वज नहीं, बल्कि भारत की आन, बान और शान के साथ-साथ देश की एकता, अखंडता और गौरव का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि ‘हर घर तिरंगा’ अभियान देशभक्ति की भावना को जन-जन तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण माध्यम है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर देशभर में चलाया जा रहा ‘हर घर तिरंगा’ अभियान नागरिकों में राष्ट्रप्रेम और राष्ट्रीय एकता की भावना को मजबूत कर रहा है। ऐसे आयोजनों से समाज में देश के प्रति सम्मान और जिम्मेदारी की भावना को बढ़ावा मिलता है।

गणेश जोशी ने कहा कि देश का युवा आज राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। तिरंगा यात्रा जैसे आयोजन युवाओं और नई पीढ़ी को स्वतंत्रता संग्राम, वीर शहीदों और राष्ट्र के लिए उनके योगदान से परिचित कराने का काम करते हैं।

उन्होंने प्रदेशवासियों से स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपने-अपने घरों पर तिरंगा फहराने और ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को जन-जन का अभियान बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता सेनानियों और वीर सैनिकों के त्याग एवं बलिदान के कारण ही आज हम स्वतंत्र भारत में सांस ले रहे हैं। ऐसे में उनका स्मरण करते हुए राष्ट्र की एकता और अखंडता को मजबूत करने में प्रत्येक नागरिक को अपना योगदान देना चाहिए।

Share
Copyright2017©Spot Witness Times. Designed by MTC, 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.