विष्णुगाड–पीपलकोटी जल विद्युत परियोजना की टेल रेस टनल में दुर्भाग्यपूर्ण घटना
चमोली जिले में विष्णुगाड–पीपलकोटी जलविद्युत परियोजना (VPHEP) के टेल रेस टनल (TRT) में 13 अगस्त की शाम बड़ा हादसा हो गया। टनल के फेज-II में Chainage 1440 मीटर पर अचानक तेज आवाज के साथ बड़ी मात्रा में पानी और मलबा भर गया। हादसे के वक्त Chainage 1230 मीटर पर टनल की कंक्रीट लाइनिंग का काम चल रहा था और वहां मुख्य कार्यदायी संस्था हिंदुस्तान कंस्ट्रक्शन कंपनी (HCC) के 22 श्रमिक मौजूद थे।
प्राप्त जानकारी के अनुसार हादसे में अब तक 7 श्रमिकों की मौत हो चुकी है, जबकि 3 श्रमिक अभी लापता हैं। वहीं 12 श्रमिकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जिन्हें उपचार के लिए आसपास के अस्पतालों में भर्ती कराया गया। इनमें से एक घायल श्रमिक को उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है।
घटना की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन के समन्वय से राहत और बचाव अभियान शुरू कर दिया गया। फिलहाल THDC, HCC, NDRF, SDRF, CISF और जिला प्रशासन की संयुक्त टीमें टनल में फंसे और लापता श्रमिकों की तलाश में जुटी हैं। टनल से पानी और मलबा निकालने के लिए आवश्यक उपकरण लगाए गए हैं, जबकि बचाव दलों की सुरक्षित आवाजाही के लिए भी इंतजाम किए जा रहे हैं।
THDCIL के प्रबंध निदेशक समेत कंपनी के वरिष्ठ अधिकारी घटनास्थल पर मौजूद हैं और राहत एवं बचाव अभियान की लगातार निगरानी कर रहे हैं। संबंधित एजेंसियों के साथ समन्वय कर बचाव कार्य को तेज करने के लिए उपलब्ध संसाधनों का इस्तेमाल किया जा रहा है।
THDCIL प्रबंधन ने कहा है कि लापता श्रमिकों की तलाश और उनका सुरक्षित बचाव सर्वोच्च प्राथमिकता है। कंपनी की ओर से घायल श्रमिकों के उपचार के साथ-साथ प्रभावित श्रमिकों और उनके परिवारों को हरसंभव सहयोग उपलब्ध कराया जा रहा है।
कंपनी के अनुसार हादसे के कारणों और परिस्थितियों का विस्तृत आकलन सक्षम एजेंसियों के समन्वय से किया जाएगा। फिलहाल सभी संबंधित एजेंसियों का पूरा ध्यान राहत और बचाव अभियान पर केंद्रित है। THDCIL ने मृत श्रमिकों के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा है कि इस कठिन समय में कंपनी प्रभावित परिवारों के साथ पूरी संवेदनशीलता और प्रतिबद्धता के साथ खड़ी है।
