उत्तराखंड सब एरिया मुख्यालय को राज्यपाल की प्रशंसा, उत्कृष्ट योगदान के लिए मिला सम्मान
उत्तराखंड राज्य और यहां के लोगों के प्रति उत्कृष्ट योगदान के लिए उत्तराखंड सब एरिया मुख्यालय को राज्यपाल की प्रशंसा से सम्मानित किया गया है। 15 अगस्त 2026 को लोक भवन में आयोजित कार्यक्रम में उत्तराखंड सब एरिया के जनरल ऑफिसर कमांडिंग मेजर जनरल एमपीएस गिल, वीएसएम ने फॉर्मेशन की ओर से उत्तराखंड के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह से यह प्रशंसा प्राप्त की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी मौजूद रहे।
कार्यक्रम में उत्तराखंड सब एरिया के डिप्टी जनरल ऑफिसर कमांडिंग एवं देहरादून कैंट के स्टेशन कमांडर ब्रिगेडियर आरएस थापा भी उपस्थित रहे।
यह सम्मान उत्तराखंड सब एरिया की परिचालन तैयारियों, मानवीय सहायता एवं आपदा राहत (एचएडीआर), पूर्व सैनिकों के कल्याण और नागरिक-सैन्य समन्वय के प्रति निरंतर प्रतिबद्धता को मान्यता देता है। सब एरिया ने राज्य प्रशासन के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करते हुए प्राकृतिक आपदाओं और विभिन्न आपात स्थितियों के दौरान समयबद्ध सहायता उपलब्ध कराई है।
इसके अलावा पूर्व सैनिकों और उनके परिवारों के कल्याण के लिए भी उत्तराखंड सब एरिया की ओर से लगातार प्रयास किए जाते रहे हैं। राज्य में सैन्य संस्थानों और नागरिक प्रशासन के बीच बेहतर तालमेल स्थापित करने में भी सब एरिया की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।
राज्यपाल की यह प्रशंसा उत्तराखंड सब एरिया के सभी रैंकों के सामूहिक प्रयास, प्रोफेशनलिज्म और समर्पण को सम्मानित करती है। साथ ही यह सशस्त्र बलों और उत्तराखंड की जनता के बीच मजबूत एवं स्थायी संबंधों को और सुदृढ़ करने का संदेश देती है।
उत्तराखंड सब एरिया ने राज्य की तैयारियों, आपदा-प्रतिरोधक क्षमता और विकास में एक विश्वसनीय सहयोगी के रूप में अपनी प्रतिबद्धता दोहराई है। देवभूमि की सेवा, जनता के साथ हर परिस्थिति में खड़े रहने और उत्कृष्टता के लिए निरंतर प्रयास करने का संकल्प भी इस अवसर पर रेखांकित किया गया।
