October 5, 2026

देहरादून में सड़क पर हुड़दंग करना पड़ा भारी, वायरल वीडियो के बाद 8 युवकों पर कार्रवाई

Dehradun

राजधानी देहरादून में सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो का पुलिस ने संज्ञान लेते हुए सड़क पर हुड़दंग करने वाले युवकों के खिलाफ कार्रवाई की है। मामला बसंत विहार थाना क्षेत्र के जीएमएस रोड का है, जहां कुछ युवक थार रॉक्स समेत अन्य वाहनों की खिड़कियों और छत पर सवार होकर रैली निकालते नजर आए थे।

वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद एसएसपी देहरादून ने मामले का संज्ञान लिया और बसंत विहार पुलिस को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। निर्देश मिलने के बाद पुलिस ने वायरल वीडियो की जांच शुरू की और उसमें दिखाई दे रहे वाहनों तथा सवार युवकों की पहचान की।

पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 8 युवकों को संबंधित वाहनों समेत थाने लाया। इसके बाद उनके खिलाफ नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की गई। पुलिस ने संबंधित वाहन को मोटर वाहन अधिनियम (एमवी एक्ट) के तहत सीज कर दिया।

पुलिस ने युवकों को भविष्य में यातायात नियमों का उल्लंघन नहीं करने की सख्त हिदायत भी दी। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि सड़क पर वाहन की खिड़कियों और छत पर बैठकर चलना न केवल यातायात नियमों का उल्लंघन है, बल्कि इससे सड़क पर चलने वाले अन्य लोगों की सुरक्षा भी खतरे में पड़ सकती है।

देहरादून पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें और सड़क पर किसी भी तरह का हुड़दंग या खतरनाक तरीके से वाहन चलाने से बचें। पुलिस ने स्पष्ट किया कि यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Share

You may have missed

Copyright2017©Spot Witness Times. Designed by MTC, 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.