October 5, 2026

कांवड़ मेला 2026 के सफल आयोजन पर नगर आयुक्त का स्वागत, राष्ट्रीय मेला घोषित करने की मांग

Haridwar

कांवड़ मेला 2026 के निर्विघ्न और शांतिपूर्ण संपन्न होने के बाद पूर्व कृषि उत्पादन मंडी समिति अध्यक्ष एवं सामाजिक कार्यकर्ता संजय चोपड़ा की अगुवाई में सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने नगर आयुक्त नंदन कुमार का स्वागत किया। नगर आयुक्त कार्यालय पहुंचकर उन्हें पटका, अंगवस्त्र और रुद्राक्ष की माला पहनाई गई। साथ ही भगवान शिव की प्रतिमा स्मृति चिन्ह के रूप में भेंट की गई।

इस दौरान संजय चोपड़ा ने नगर निगम की आगामी बोर्ड बैठक में कांवड़ मेले को राष्ट्रीय मेला घोषित किए जाने का प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित कर सरकार को भेजने की मांग उठाई। उन्होंने कहा कि कांवड़ मेले में हर वर्ष करोड़ों की संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं, ऐसे में मेले की व्यवस्थाओं के लिए व्यापक स्तर पर संसाधन और स्थायी सुविधाएं उपलब्ध कराया जाना जरूरी है।

नगर आयुक्त नंदन कुमार ने कहा कि कांवड़ मेला 2026 नगर निगम के अधिकारियों-कर्मचारियों, स्थानीय पार्षदों और सामाजिक संगठनों के सहयोग से सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। उन्होंने कहा कि कांवड़ मेले की व्यवस्थाओं को लेकर सामाजिक संगठनों की ओर से दिए गए प्रस्तावों पर मेयर किरण जैसल से चर्चा कर आगामी बोर्ड बैठक में विचार किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि कुंभ मेला 2027 की तैयारियों को लेकर भी नगर निगम क्षेत्र में सरकार के निर्देशानुसार विभिन्न कार्य प्रचलित हैं।

संजय चोपड़ा ने कहा कि करोड़ों कांवड़ियों की मौजूदगी के बीच सफाई व्यवस्था बनाए रखना नगर निगम और पुलिस-प्रशासन के लिए बड़ी चुनौती थी। सीमित संसाधनों के बावजूद नगर आयुक्त नंदन कुमार के नेतृत्व में व्यवस्थाओं को योजनाबद्ध तरीके से संचालित किया गया, जिसके लिए नगर निगम प्रशासन बधाई का पात्र है।

उन्होंने सरकार से मांग की कि हर वर्ष होने वाले कांवड़ मेले की व्यापक व्यवस्थाओं और श्रद्धालुओं को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए इसे कुंभ और अर्धकुंभ की तर्ज पर राष्ट्रीय कांवड़ मेला घोषित करने की दिशा में उचित निर्णय लिया जाए।

नगर आयुक्त नंदन कुमार

अध्यक्ष संजय चोपड़ा

Share

You may have missed

Copyright2017©Spot Witness Times. Designed by MTC, 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.