चौबटाखाल में सतपाल महाराज के खिलाफ नाराजगी की चर्चा, भाजपा कार्यालय पहुंचे स्थानीय लोग
उत्तराखंड भाजपा में एक बार फिर अंदरूनी नाराजगी की चर्चाएं तेज हो गई हैं। चौबटाखाल विधानसभा क्षेत्र में कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज को लेकर स्थानीय लोगों और कार्यकर्ताओं की नाराजगी सामने आने की बात कही जा रही है। चौबटाखाल क्षेत्र के कुछ स्थानीय लोग भाजपा प्रदेश कार्यालय पहुंचे और प्रदेश नेतृत्व के सामने अपनी समस्याएं एवं नाराजगी रखी।
मामले को लेकर कांग्रेस ने भाजपा पर निशाना साधते हुए इसे सरकार और संगठन के बीच बढ़ती नाराजगी से जोड़कर देखा है। कांग्रेस प्रदेश प्रवक्ता गरिमा मेहरा दसौनी ने कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज के साथ भाजपा के अन्य विधायकों पर भी तंज कसा।
गरिमा मेहरा दसौनी ने आरोप लगाया कि नाराजगी केवल सतपाल महाराज को लेकर नहीं है, बल्कि भाजपा के कई विधायकों के प्रति भी जनता में असंतोष है। उन्होंने कहा कि विधानसभा क्षेत्रों में लोगों के काम समय पर नहीं होने के कारण स्थानीय जनता अपने जनप्रतिनिधियों से नाराज है।
कांग्रेस प्रवक्ता ने दावा किया कि भाजपा के जनप्रतिनिधि जनता की समस्याओं का समाधान कराने में अपेक्षित रूप से सफल नहीं हो पा रहे हैं। उन्होंने कहा कि चौबटाखाल में सामने आई नाराजगी भाजपा के लिए संगठन और जनप्रतिनिधियों के स्तर पर आत्ममंथन का विषय है।
हालांकि, स्थानीय लोगों की ओर से उठाई गई शिकायतों और भाजपा प्रदेश नेतृत्व की ओर से इस मामले में आगे क्या कदम उठाया जाता है, इस पर सभी की नजर बनी हुई है।
गरिमा मेहरा दसौनी, प्रदेश प्रवक्ता कांग्रेस
