October 5, 2026

उफनती बीन नदी में पलटा मैक्स वाहन, SDRF ने दो लोगों की बचाई जान

Rescue

उत्तराखंड में लगातार हो रही बारिश के बीच जनजीवन अस्त-व्यस्त है। इसी बीच ऋषिकेश से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां उफनती बीन नदी में मैक्स वाहन पलटने के बाद उसमें फंसे दो लोगों की SDRF जवानों ने जान जोखिम में डालकर जान बचाई। घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

जानकारी के मुताबिक, पुलिस चौकी पशुलोक बैराज से रात करीब 9:22 बजे सूचना मिली कि बीन नदी में एक मैक्स वाहन पलट गया है और उसमें कुछ लोग फंसे हुए हैं। सूचना मिलते ही ढालवाला पोस्ट से SDRF की रेस्क्यू टीम महज तीन मिनट में घटनास्थल के लिए रवाना हो गई।

मौके पर पहुंचते ही SDRF जवानों ने तत्काल रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। कड़ी मशक्कत के बाद टीम ने एक व्यक्ति को वाहन से सुरक्षित बाहर निकाल लिया, लेकिन दूसरा व्यक्ति वाहन के अंदर ही फंसा हुआ था। इस दौरान नदी का तेज बहाव और बढ़ा हुआ जलस्तर रेस्क्यू टीम के लिए सबसे बड़ी चुनौती बना रहा। पानी के तेज बहाव के कारण वाहन भी कुछ दूरी तक बहकर नीचे चला गया था।

हालात की गंभीरता को देखते हुए SDRF की दूसरी टीम को भी मौके पर बुलाया गया। दोनों टीमों ने आपसी समन्वय के साथ रेस्क्यू अभियान चलाया और काफी प्रयास के बाद वाहन में फंसे दूसरे व्यक्ति को भी सकुशल बाहर निकाल लिया।

रेस्क्यू के बाद दोनों लोगों को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। उफनती नदी, तेज बहाव और बेहद चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों के बीच SDRF जवानों की त्वरित कार्रवाई और साहस ने दो जिंदगियां बचा लीं। इस रेस्क्यू ऑपरेशन का वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

Share

You may have missed

Copyright2017©Spot Witness Times. Designed by MTC, 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.