August 18, 2026

रामनगर में आबादी के पास दिनदहाड़े घोड़े को उठा ले गया बाघ, दहशत में लोग

Tiger

रामनगर के गर्जिया क्षेत्र में उस समय हड़कंप मच गया, जब एक विशालकाय बाघ आबादी से सटे हाईवे क्षेत्र में दिनदहाड़े घोड़े का शिकार कर उसे जंगल की ओर खींच ले गया। घटना दोपहर करीब 1:30 बजे झूला पुल चौराहे के समीप पूर्व में बनाए गए गर्जिया पर्यटन जोन के गेट के पास नेशनल हाईवे-309 पर हुई। बाघ की आबादी के बेहद करीब मौजूदगी से आसपास के लोगों में दहशत का माहौल है।

बताया जा रहा है कि बाघ ने हाईवे के पास घोड़े पर अचानक हमला किया और उसे अपना निवाला बनाने के बाद घसीटते हुए जंगल की ओर ले गया। इस दौरान आसपास मौजूद लोगों की आवाजें भी सुनाई दीं। दिन के उजाले में आबादी के नजदीक बाघ के इस तरह दिखाई देने से एक बार फिर क्षेत्र में मानव-वन्यजीव संघर्ष की चिंता बढ़ गई है।

जिस स्थान पर घटना हुई, वह झूला पुल चौराहे के समीप और आबादी से सटा हुआ है। यहां दिनभर लोगों की आवाजाही रहती है और स्थानीय लोग झूला पुल की ओर आते-जाते हैं। ऐसे में बाघ की मौजूदगी लोगों के लिए गंभीर खतरा बन सकती है।

घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम ने क्षेत्र में गश्त बढ़ा दी है। रामनगर वन प्रभाग के रेंज अधिकारी कृष्णा सिंह मेहरा ने बताया कि विभाग की टीमें लगातार क्षेत्र में निगरानी कर रही हैं और बाघ की लोकेशन ट्रेस करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने लोगों से जंगल और उसके आसपास के क्षेत्रों में जाने से बचने की अपील की है।

वन विभाग ने विशेष रूप से लोगों को झूला पुल की तरफ न जाने की सलाह दी है। विभाग के मुताबिक, बाघ की मौजूदगी को देखते हुए किसी भी तरह की लापरवाही भारी पड़ सकती है। फिलहाल वन विभाग की टीमें बाघ की गतिविधियों और उसकी संभावित लोकेशन पर लगातार नजर बनाए हुए हैं।

दिनदहाड़े आबादी के पास बाघ द्वारा घोड़े का शिकार किए जाने की घटना ने स्थानीय लोगों की चिंता बढ़ा दी है। लोगों का कहना है कि क्षेत्र में लगातार बाघ की गतिविधियां सामने आ रही हैं, ऐसे में वन विभाग को गश्त और निगरानी व्यवस्था और मजबूत करने की जरूरत है।

Share
Copyright2017©Spot Witness Times. Designed by MTC, 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.