August 19, 2026

देहरादून में पुलिस और बदमाश के बीच मुठभेड़, चैन स्नैचिंग का आरोपी गोली लगने से घायल

Arrest

राजधानी देहरादून में देर रात पुलिस और बदमाश के बीच मुठभेड़ हो गई। बसंत विहार थाना क्षेत्र में चेकिंग के दौरान पुलिस ने बिना नंबर की स्कूटी सवार संदिग्ध को रोकने का प्रयास किया। इस दौरान बदमाश पुलिस टीम पर फायरिंग कर मौके से भागने लगा। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में बदमाश के पैर में गोली लग गई और वह घायल होकर मौके पर गिर पड़ा।

घायल बदमाश की पहचान आकाश उर्फ तमंचा के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक आरोपी 14 अगस्त को हुई चैन स्नैचिंग की घटना में शामिल था और पुलिस उसकी तलाश कर रही थी।

पुलिस के अनुसार देर रात बसंत विहार क्षेत्र में चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान बिना नंबर की स्कूटी पर सवार एक संदिग्ध को पुलिसकर्मियों ने रोकने का प्रयास किया। पुलिस को देखते ही आरोपी ने फायरिंग कर दी और भागने लगा। इसके बाद पुलिस टीम ने पीछा करते हुए जवाबी कार्रवाई की, जिसमें बदमाश के पैर में गोली लगी।

मुठभेड़ के बाद पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। मौके से पुलिस ने आरोपी के कब्जे से तमंचा, कारतूस और चोरी की स्कूटी बरामद की है। साथ ही 14 अगस्त को हुई चैन स्नैचिंग में लूटी गई चैन भी बरामद होने की बात सामने आई है।

पुलिस आरोपी के आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटाने के साथ ही उससे जुड़े अन्य मामलों की भी जांच कर रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि क्षेत्र में अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।

Share
Copyright2017©Spot Witness Times. Designed by MTC, 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.